Breaking News

अंकिता भंडारी हत्याकांड: मुख्य आरोपी पुलकित के पिता और वकील के खिलाफ जीरो FIR     |   ‘धारा 301’ जांच और 25 प्रतिशत शुल्क को लेकर भारत का अमेरिका को सीधा जवाब     |   दिल्ली के यमुना खादर में मुठभेड़, आरोपी अमन गुर्जर के पैर में गोली     |   उत्तराखंड चुनाव 2027 से पहले प्रशासन में बड़ा फेरबदल, 13 IAS और 17 IPS अफसरों का किया ट्रांसफर     |   26/11 हमले के 18 साल हुए पूरे, चश्मदीद ने बताया-आज भी नहीं सो पाता ठीक से     |  

शरद पवार को फिर अस्पताल में कराया गया भर्ती, डिहाइड्रेशन की आशंका, हालत स्थिर

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार को डिहाइड्रेशन की आशंका के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी दी।

सुप्रिया सुले ने बताया कि शरद पवार की तबीयत उनके लगातार व्यस्त कार्यक्रम और अधिक यात्रा करने के कारण प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि पवार को अब आराम करने और अपनी यात्राएं कम करने की जरूरत है।

सुप्रिया सुले ने एक्स पर लिखा, "हम बाबा (शरद पवार) को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करा रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि उन्हें डिहाइड्रेशन हुआ है। उन्हें अपनी व्यस्तता कम करनी चाहिए और कम यात्रा करनी चाहिए, लेकिन बाबा सुनते ही नहीं। उन्हें अपने काम से बहुत प्यार है।"

इसी महीने पहले भी अस्पताल में भर्ती हुए थे पवार

शरद पवार को इसी महीने पहले भी मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले 2 नवंबर को खांसी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती किया गया था।

बाद में उन्हें सांस और छाती में संक्रमण के इलाज के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल लाया गया था। उस समय सुप्रिया सुले ने बताया था कि उनकी मेडिकल जांच चल रही है और स्वास्थ्य संबंधी सभी जरूरी पैरामीटर स्थिर हैं।

नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

गुरुवार को एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचकर शरद पवार का हाल जाना। उन्होंने एक्स पर बताया कि वह पवार साहेब से मिलने गए और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।

इससे पहले शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत भी अस्पताल में शरद पवार से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने पवार को अपनी पुस्तक 'बोध कीर्तन' भेंट की थी और बताया था कि उनकी हालत स्थिर है तथा स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।

डॉक्टरों ने बताया हालत स्थिर

ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत समदानी के मुताबिक, शरद पवार की हालत स्थिर है और उनका इलाज जारी है। उन्हें बुधवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर उन्हें निगरानी में रखा। उनकी हालत स्थिर रहने और परेशानी कम होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने की अनुमति भी दी थी।