मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से शुरू की गई ‘योगी की पाती’ पहल के 50 सप्ताह पूरे हो गए हैं। इस दौरान यह पत्र जनता और सरकार के बीच संवाद का एक माध्यम बनकर सामने आई है। जगतगुरु स्वामी सतीशाचार्य जी महाराज ने भी इस पहल की सराहना की है। उन्होंने ‘योगी की पाती’ के कई अंक पढ़ने के बाद कहा कि इसके जरिए प्रदेश के लोगों को यह भरोसा मिलता है कि सरकार उनकी बात सुन रही है और उनकी परेशानियों को समझने का प्रयास कर रही है।
जनता की भावनाओं से जुड़ने की पहल
जगतगुरु स्वामी सतीशाचार्य जी महाराज ने कहा कि सरकार का काम सिर्फ योजनाएं तैयार करना और उन्हें जमीन पर उतारना नहीं है। जनता की जरूरतों, उम्मीदों और समस्याओं को समझना भी शासन की अहम जिम्मेदारी है। उनके मुताबिक, ‘योगी की पाती’ इसी सोच के साथ शुरू की गई पहल है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलग-अलग पत्रों के जरिए किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रद्धालुओं और समाज के अन्य वर्गों तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की है। इससे सरकार के कामकाज के साथ उसका जनहित और संवेदनशीलता से जुड़ा पक्ष भी सामने आता है। उन्होंने इसे शासन और समाज के बीच भरोसा बढ़ाने वाला प्रयास बताया।
1090 चौराहे पर देख सकते हैं 50 सप्ताह का सफर
‘योगी की पाती’ के अब तक के सफर को लोगों तक पहुंचाने के लिए लखनऊ के गोमतीनगर स्थित 1090 चौराहे पर विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। यहां पातियों में शामिल प्रमुख संदेशों और अलग-अलग विषयों को प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी के साथ सात दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से खेती-किसानी, गोवंश संरक्षण, महिला सुरक्षा, युवाओं के रोजगार और कौशल विकास जैसे मुद्दों को दिखाया जा रहा है। इसके अलावा धार्मिक विरासत, एक्सप्रेसवे, मेट्रो, उद्योग, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े विषयों को भी गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल किया गया है।
कॉफी टेबल बुक में समेटी गई संवाद की यात्रा
‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी कर चुके हैं। इसमें अब तक जारी पत्रों के संदेशों और उनसे जुड़े विभिन्न विषयों को संकलित किया गया है।
पुस्तक में प्रदेश के विकास, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत, जनकल्याण और सामाजिक मुद्दों से जुड़े पहलुओं को जगह दी गई है। यह किताब पिछले 50 सप्ताह के दौरान सरकार की ओर से जनता से संवाद करने के प्रयासों और उससे जुड़े विषयों का दस्तावेज है।