Breaking News

कई देशों में Apple की सेवाएं ठप, आईक्लाउड और ऐप्पल पे प्रभावित     |   रूस में बड़ा विमान हादसा, सेना का An-12 प्लेन क्रैश, क्रू समेत 19 लोगों की मौत     |   इजरायल में नेतन्याहू को झटका, आइजनकोट गुट ने अपना स्पीकर चुना     |   Nvidia की तिमाही बिक्री ने रचा इतिहास, पहली बार 100 अरब डॉलर का आंकड़ा पार     |   पुणे के टिंबर मार्केट में आग का तांडव, 50 से अधिक दुकानें आईं चपेट में     |  

Jammu & Kashmir: कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, लश्कर कमांडर लतीफ भट मुठभेड़ में ढेर

Jammu & Kashmir: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को मार गिराया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान लतीफ भट एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों ने उसे कई बार आत्मसमर्पण करने का मौका दिया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। इस पूरे अभियान में मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनायत अली चौधरी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को आतंकवादी की मौजूदगी के संबंध में पुख्ता जानकारी मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर सुनियोजित तरीके से संयुक्त अभियान शुरू किया गया और इलाके की घेराबंदी की गई।

पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2:45 बजे आतंकवादी ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरती और मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन किया।

एसएसपी ने बताया कि सुरक्षाबलों की प्राथमिकता आतंकवादी को बिना किसी बड़ी क्षति के बाहर निकालना या गैर-विनाशकारी तरीकों से उसे मार गिराना था। उसे आत्मसमर्पण के लिए मनाने की भी लगातार कोशिश की गई। इसके लिए पुलिस अधिकारियों और 9 राष्ट्रीय राइफल्स के सीईओ ने उसके साथ लंबी वीडियो कॉल पर बातचीत की। उसे फोन भी उपलब्ध कराया गया, ताकि वह अपनी कम उम्र को देखते हुए जिंदगी बचाने का फैसला कर सके। इसके बावजूद उसने आत्मसमर्पण नहीं किया और मस्जिद के अंदर चला गया। इसके बाद लाउडस्पीकर के जरिए बार-बार उससे बाहर आने की अपील की गई।

पुलिस के मुताबिक, लतीफ भट 18 नवंबर 2025 को लश्कर-ए-तैयबा में सक्रिय हुआ था। वह खुद कट्टरपंथ की राह पर चल पड़ा था और उस पर शांति, पर्यटन तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को प्रभावित करने वाले कई हमलों में शामिल होने का आरोप था। सुरक्षाबलों ने उसे पहले भी पकड़ने की कोशिश की थी, लेकिन वह बच निकलने में कामयाब रहा था।

इस कार्रवाई पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक जीपी सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सुरक्षाबलों को बधाई देते हुए लिखा कि कुछ कामयाबियों का स्वाद ठंडे मौसम में भी ठंडा ही परोसा जाता है।

CRPF जवानों पर हमले से पहले की थी रेकी

इससे पहले मंगलवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जानकारी दी थी कि सोमवार को मुठभेड़ में मारा गया उमर निसार डार, लश्कर कमांडर लतीफ भट के साथ 10 नवंबर को कई स्थानों की रेकी करने पहुंचा था। पुलिस के अनुसार, दोनों ने सीआरपीएफ जवानों पर हमले से पहले संभावित ठिकानों की पहचान की थी।

जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से साझा किए गए सीसीटीवी फुटेज में दोनों को मीर बार, अखरान, हबलिश और किलम समेत कई जगहों पर रेकी करते देखा गया था। पुलिस का कहना है कि इन स्थानों का जायजा लेकर सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की योजना तैयार की गई थी।