मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने सर्च और एनफोर्समेंट ऑपरेशन तेज करते हुए बीते 24 घंटों में कई उग्रवादियों, जबरन वसूली करने वालों और ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, हथियार और वाहन भी बरामद किए गए हैं। हालांकि, राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।
17 मार्च को सुरक्षा बलों ने थौबल जिले के थौडाम लैश्रम लेइराक इलाके से PREPAK के सक्रिय कैडर थौडाम जिंगको सिंह उर्फ सनाथोई (25) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 7.62x39 मिमी के दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक होंडा एक्टिवा बरामद की गई। 18 मार्च को इम्फाल ईस्ट जिले में इरिलबुंग थाना क्षेत्र के कोंगबा माखा उचेकॉन निवासी केसीपी (PWG) की सक्रिय महिला कैडर थोकचोम देवरानी देवी (43) को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसी दिन एक अन्य केसीपी (PWG) कैडर मोइरांगथेम जितेन सिंह उर्फ नानाओ (46) को भी गिरफ्तार किया गया।
मणिपुर पुलिस ने कांगपोकपी जिले के तोरिबारी गांव के एक व्यक्ति को बिष्णुपुर जिले के फौगाकचाओ इखाई नाका चेकपॉइंट से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक ऑटो रिक्शा, करीब 1.5 किलो अफीम, एक बैग, मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुआ। इसके अलावा, 17 मार्च को पुलिस ने 21 वर्षीय युवक को भी गिरफ्तार किया, जिसके पास से एक कार, लगभग 271 ग्राम हेरोइन और एक मोबाइल फोन मिला। वहीं, इम्फाल वेस्ट जिले के थंगल बाजार से लैश्रम कुंजोमानी सिंह (52) को गिरफ्तार कर उसके पास से 56,216 एसपी टैबलेट कैप्सूल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
सुरक्षा के लिहाज से NH-37 पर आवश्यक वस्तुओं से लदे 155 वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की गई। संवेदनशील इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा काफिले की व्यवस्था की गई है। राज्यभर में 114 नाका/चेकपॉइंट लगाए गए, हालांकि किसी को हिरासत में नहीं लिया गया। मणिपुर पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर फैल रही फर्जी खबरों से सावधान रहने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि फर्जी पोस्ट साझा करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जनता से लूटे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक तुरंत नजदीकी पुलिस या सुरक्षा बलों को सौंपने की भी अपील की है।