Breaking News

झारखंड: JPSC परीक्षा गड़बड़ी मामले में ED ने दर्ज किया केस     |   फिल्ममेकर शकील नूरानी गिरफ्तार, एक्ट्रेस ने लगाए रेप और ब्लैकमेल के आरोप     |   रेणुकास्वामी हत्याकांड: एक्टर दर्शन के लिए आज अहम दिन, प्रोडोष की अप्रूवर बनने की याचिका पर सुनवाई     |   राम मंदिर चंदा चोरी मुद्दे को लोकसभा में उठाएंगे केसी वेणुगोपाल, स्वतंत्र जांच की मांग     |   झारखंड: आज रांची में विधानसभा का घेराव करेंगे छात्र, इलाके में धारा 163 लागू     |  

‘भगवा कपड़े, कंधे पर कांवड़, दिल में भोलेनाथ’, कांवड़ियों के नाम CM योगी की पाती

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सावन के पावन महीने में होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर प्रदेशवासियों के नाम पत्र लिखा है। उन्होंने कांवड़ यात्रा को ‘समरसता का महापर्व’ बताते हुए कहा कि यह केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति, अनुशासन और लोकजीवन की जीवंत पाठशाला है। कांवड़ यात्रा हर साल करोड़ों श्रद्धालुओं को भगवान शिव की भक्ति के सूत्र में जोड़ती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पत्र में लिखा कि भारतीय परंपराओं में कुछ यात्राएं केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि वे समाज और संस्कृति के साथ-साथ अनुशासन और लोकजीवन का भी जीवंत उदाहरण बन जाती हैं। श्रावण में निकलने वाली कांवड़ यात्रा ऐसी ही एक अनुपम परंपरा है।

सीएम योगी ने कहा कि हर शिवभक्त की पहचान कांवड़िया के रूप में होती है। भगवा वस्त्र, कंधे पर कांवड़ और हृदय में भोलेनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा उनकी पहचान है। पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं के कदम भले ही अलग-अलग हों, लेकिन सभी का लक्ष्य एक ही होता है—भगवान शिव का जलाभिषेक।उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में जाति, वर्ग, भाषा, क्षेत्र और आर्थिक भेद जैसे सभी अंतर गौण हो जाते हैं। यही वजह है कि कांवड़ यात्रा समरसता का महापर्व और सनातन संस्कृति के समभाव का जीवंत उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तप से चरित्र दमकता है, सेवा से समाज संवरता है और एकता से राष्ट्र मजबूत होता है। उन्होंने दिव्यांग शिवभक्तों के समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिनाइयों की चिंता किए बिना पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कांवड़ यात्रा पूरी करने वाले श्रद्धालुओं का समर्पण प्रेरणादायी है। सीएम योगी ने कहा कि श्रद्धालुओं का अटूट विश्वास और समर्पण ही कांवड़ यात्रा की सबसे बड़ी शक्ति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कांवड़ यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। शिवभक्तों के स्वागत के लिए कई स्थानों पर पुष्पवर्षा की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने बताया कि कांवड़ियों की सुगम यात्रा के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन, विशेष व्यवस्थाओं और लगातार निगरानी के जरिए यात्रा मार्गों को सुचारू बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से कांवड़ यात्रा को सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा का उत्सव बनाने की अपील की। उन्होंने श्रद्धालुओं से पर्यावरण-अनुकूल कांवड़ अपनाने और प्लास्टिक मुक्त जीवन का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि यात्रा मार्ग पर कोई एंबुलेंस या स्कूल वाहन गुजर रहा हो तो उसे प्राथमिकता दी जाए। हमारी छोटी-सी सजगता किसी जरूरतमंद के लिए बड़ी सहायता साबित हो सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धा, अनुशासन, संयम और सेवा ही कांवड़ यात्रा की आत्मा हैं। कांवड़ यात्रा भगवान शिव के लोकमंगल के संदेश को आगे बढ़ाने का माध्यम है और यह समाज में भाईचारे, समरसता और सेवा की भावना को मजबूत करती है।