Delhi: दिल्ली में सोमवार को छठ महापर्व की रौनक देखने को मिली। चार दिवसीय छठ पूजा के अंतिम दिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हाथी घाट पहुंचीं और छठ व्रतियों के साथ उगते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पूर्वांचल की लोक संस्कृति और परंपराओं के रंग में रंगी नजर आईं। उन्होंने व्रती महिलाओं के साथ छठ के पारंपरिक गीत गाए और पूजा में शामिल होकर सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पारंपरिक परिधान में हाथी घाट पहुंचीं। यहां उन्होंने छठ व्रती महिलाओं से मुलाकात की और उनके साथ पारंपरिक रस्मों में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ सिंदूर की रस्म निभाई और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल के लाखों लोगों की आस्था और भावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। यमुना के घाटों पर पूरा समाज एक साथ छठी मैया की आराधना करता है। पूर्वांचल के लोगों ने अपनी मेहनत और योगदान से दिल्ली के विकास में अहम भूमिका निभाई है। वे दिल्ली परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का सम्मान करना सरकार का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह लोक संस्कृति, पारिवारिक एकजुटता, अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव सिखाता है। उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती जीवन में नई ऊर्जा, आशा और सकारात्मकता का स्वागत करते हैं। मुख्यमंत्री ने छठी मैया से प्रार्थना की कि उनका आशीर्वाद देश और दिल्ली के सभी नागरिकों पर बना रहे। साथ ही हर परिवार सुख, समृद्धि और खुशहाली प्राप्त करे और विकसित भारत व विकसित दिल्ली का संकल्प पूरा हो।
छठ व्रतियों के लिए सुबह 4:30 बजे से चली मेट्रो
छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए दिल्ली सरकार के निर्देश पर दिल्ली मेट्रो ने विशेष व्यवस्था की। उषा अर्घ्य के अवसर पर सोमवार सुबह 4:30 बजे से मेट्रो सेवाएं शुरू की गईं। शुरुआती समय में सभी मेट्रो लाइनों पर हर 15 मिनट में ट्रेन उपलब्ध कराई गई।

इससे महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य श्रद्धालुओं को सुबह-सुबह घाटों तक पहुंचने में सुविधा मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने छठ व्रतियों की छोटी-बड़ी सुविधाओं का ध्यान रखा है। कोशिश की गई कि किसी भी श्रद्धालु की पूजा में बाधा न आए और सभी समय पर घाट पहुंचकर उगते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
