ब्रिटेन के प्रिंस विलियम इन दिनों भारत दौरे पर हैं। मुंबई में अपने दौरे के दौरान उन्हें बॉलीवुड के मशहूर गाने ‘शावा शावा’ का मजा लेने का मौका मिला। धर्मा प्रोडक्शंस में उनके स्वागत के लिए कलाकारों ने फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ के इस लोकप्रिय गाने पर शानदार डांस किया। पारंपरिक कपड़ों में सजे कलाकारों की प्रस्तुति ने शाही दौरे में फिल्मी रंग भर दिया।
फिल्ममेकर करण जौहर ने प्रिंस विलियम का धर्मा प्रोडक्शंस में स्वागत किया। इस दौरान बॉलीवुड की मशहूर जोड़ी करीना कपूर खान और सैफ अली खान भी मौजूद रहे। प्रिंस विलियम ने करण जौहर, करीना और सैफ के साथ बातचीत की और उनके साथ बैठकर डांस परफॉर्मेंस देखी।
‘कभी खुशी कभी गम’ धर्मा प्रोडक्शंस की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है। फिल्म के गाने और भव्य पारिवारिक दृश्यों को आज भी दर्शक पसंद करते हैं। खासतौर पर ‘शावा शावा’ शादी और पार्टियों में बजने वाले लोकप्रिय गानों में से एक है।
मुंबई में शिल्प और टिकाऊ कपड़ों से जुड़े कार्यक्रम में भी हुए शामिल
इससे पहले बुधवार सुबह प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी प्रिंसेस कैथरीन मुंबई के लोअर परेल स्थित चाणक्य स्कूल ऑफ क्राफ्ट पहुंचे। यहां उनका कार्यक्रम टिकाऊ कपड़ों और टेक्सटाइल से जुड़े काम पर केंद्रित था। दोनों भारत में आयोजित अर्थशॉट प्राइज 2026 के कार्यक्रमों में हिस्सा लेने आए हैं।
शाही जोड़े ने 17 नवंबर को मुंबई में आयोजित अर्थशॉट प्राइज समारोह में हिस्सा लिया था। इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करने वाले दुनिया भर के विशेषज्ञों, सामाजिक हस्तियों और मनोरंजन, खेल व संगीत जगत के लोगों ने भाग लिया।
यह दौरा प्रिंसेस कैथरीन और प्रिंस विलियम की 2022 के बाद पहली संयुक्त विदेश यात्रा भी है। प्रिंस विलियम ने 2020 में अर्थशॉट प्राइज की शुरुआत की थी। इसका मकसद दुनिया की बड़ी पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने वाले नए विचारों और समाधानों को बढ़ावा देना है।
सचिन तेंदुलकर के साथ खेला क्रिकेट, मुंबई मेट्रो में भी किया सफर
प्रिंस विलियम और केट मिडलटन का मुंबई दौरा सोमवार से शुरू हुआ था। इस दौरान दोनों ने बॉलार्ड एस्टेट में क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के साथ गली क्रिकेट खेला। इसके अलावा उन्होंने मुंबई मेट्रो में सफर किया और अर्थशॉट प्राइज इम्पैक्ट असेंबली में भी हिस्सा लिया।
शाही जोड़ा बांद्रा रिक्लेमेशन गार्डन पहुंचा। यहां प्रिंस विलियम ने महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी की इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर चलाई और उसमें केट को भी बैठाया। इस दौरान उन्होंने अर्थशॉट प्राइज 2026 के लिए चुने गए दुनिया के 15 फाइनलिस्ट से मुलाकात की।
महिंद्रा की कंपनी को मिला अर्थशॉट प्राइज
मुंबई में मंगलवार शाम आयोजित अर्थशॉट प्राइज 2026 समारोह में भारत के इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र की पहल को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी लिमिटेड को ‘क्लीन आवर एयर’ श्रेणी में पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कंपनी उन पांच विजेताओं में शामिल रही, जिनके नाम पुरस्कार के छठे संस्करण में घोषित किए गए।
प्रिंस विलियम की ओर से शुरू किए गए इस पुरस्कार के हर विजेता को अपने काम को आगे बढ़ाने और बड़े स्तर पर लागू करने के लिए 10 लाख पाउंड यानी करीब 11 करोड़ रुपये की राशि दी जाती है।