मुंबई में गुरुवार को बम धमाके की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। धमकी भरा ईमेल मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और नगर आयुक्त अश्विनी भिड़े को भेजा गया। इसमें मेयर कार्यालय, बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' और शहर के कई अन्य स्थानों पर बम धमाके करने की चेतावनी दी गई।
ईमेल में दावा किया गया कि महालक्ष्मी रेसकोर्स, सायन और आचार्य मेट्रो स्टेशन पर भी बम लगाए गए हैं। धमकी मिलने के बाद संबंधित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई।
अमिताभ बच्चन के बंगले को दूसरी बार मिली धमकी
अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को इस साल दूसरी बार धमकी मिली है। इससे पहले 23 अक्टूबर को भी उनके बंगले को लेकर धमकी भरा ईमेल मुंबई पुलिस को मिला था।
पिछले महीने मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित एक स्कूल को भी धमकी भरा ईमेल मिला था। इसमें अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा का जिक्र किया गया था।
उस घटना के बाद अमिताभ बच्चन की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। जब अभिनेता रविवार को अपने घर के बाहर प्रशंसकों से मिलने पहुंचे, तब पुलिसकर्मी उनके आसपास तैनात रहे। अभिषेक बच्चन भी अपने पिता के साथ मौजूद थे और भीड़ पर नजर रख रहे थे। अमिताभ बच्चन ने बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से प्रशंसकों का अभिवादन किया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और अन्य सुरक्षाकर्मी भी मौके पर मौजूद थे।
'कौन बनेगा करोड़पति' की मेजबानी कर रहे हैं अमिताभ
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन फिलहाल क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' को होस्ट कर रहे हैं। फिल्मों की बात करें तो वह आखिरी बार 2024 में रिलीज हुई तमिल फिल्म 'वेट्टैयन' में नजर आए थे। इस फिल्म में रजनीकांत मुख्य भूमिका में थे।