प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले फेज का उद्घाटन करेंगे। ये मुंबई का दूसरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा, जिसे लोकनेते डीबी पाटिल नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नाम से जाना जाएगा। इसके साथ ही वे मुंबई मेट्रो की लाइन-3 (एक्वा लाइन) के अंतिम चरण का भी उद्घाटन करेंगे। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को वॉटर टैक्सी से सीधे कनेक्टिविटी दी गई है और ये इस तरह का देश का पहला एयरपोर्ट होगा। मुंबई मेट्रो की एक्वा लाइन अन्य मेट्रो स्टेशनों के साथ ही भारतीय रेल के स्टेशनों, मोनोरेल और एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी भी सुनिश्चित करेगी।
एक्वा लाइन, मुंबई मेट्रो की ऐसी पहली लाइन होगा, जो पूरी तरह से अंडरग्राउंड है। मुंबई मेट्रो की ये लाइन दक्षिण मुंबई के प्रमुख इलाकों- फोर्ट, मरीन ड्राइव, मंत्रालय, RBI, BSE, और नरीमन पॉइंट को जोड़ेगी। मुंबई मेट्रो की एक्वा लाइन की कुल लंबाई 33.5 किमी है और इस लाइन पर कुल 27 स्टेशन हैं। इस लाइन पर रोजाना 13 लाख से ज्यादा यात्रियों के सफर करने का अनुमान है। अंतिम चरण के उद्घाटन के साथ ही मुंबई मेट्रो की एक्वा लाइन (लाइन 3) का काम पूरा हो जाएगा और सेवाओं के लिए पूरी तरह से चालू हो जाएगी। इस लाइन के निर्माण में कुल 37,270 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत आई है।
प्रधानमंत्री आचार्य अत्रे चौक से कफ परेड तक फैली मुंबई मेट्रो लाइन-3 के अंतिम चरण का भी उद्घाटन करेंगे, जिसका निर्माण लगभग 12,200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से हुआ है। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कुल 5 चरणों में डेवलप किया जाएगा। इसमें अडाणी ग्रुप की 74 प्रतिशत हिस्सेदारी है। बाकी 26 प्रतिशत हिस्सा महाराष्ट्र सरकार के भूमि विकास प्राधिकरण सिडको के पास है। ये भारत का सबसे बड़ा ‘ग्रीनफील्ड’ एयरपोर्ट प्रोजेक्ट है जिसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) के अंतर्गत विकसित किया गया है। प्रेस रिलीज में बताया गया है कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (NMIA) के पहले फेज का निर्माण 19,650 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
एक आधिकारिक प्रेस रिलीज में बताया गया है कि पीएम मोदी आज मुंबई में अलग-अलग प्रोजेक्ट्स शुरूआत और लोकार्पण भी करेंगे। इस मौके पर वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को 30 सितंबर को विमानन सुरक्षा नियामक DGCA से एयरपोर्ट लाइसेंस मिला था।