Breaking News

नितिन नवीन कल जालंधर में समरसता संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखायेंगे     |   केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मिस्र के प्रधानमंत्री से की मुलाकात     |   यूपी में सीट शेयरिंग पर कांग्रेस-सपा की बैठक अब कल नहीं होगी, अगले 2-3 दिन में फैसला     |   चीन में किम जोंग उन से मिल सकते हैं ट्रंप, APEC समिट के दौरान मुलाकात के संकेत     |   होर्मुज में एक और तेल टैंकर पर बारूदी सुरंग से हमला: ईरान     |  

अखिलेश यादव पर ओम प्रकाश राजभर का हमला, बोले- कांग्रेस के सामने कमजोर पड़ गई सपा

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव अपनी पार्टी की राजनीतिक ताकत को कमजोर कर रहे हैं।

राजभर ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 111 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस को सिर्फ दो सीटें मिली थीं। इसके बावजूद अखिलेश यादव कांग्रेस के सामने अपनी बात मजबूती से नहीं रख पा रहे हैं। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि आखिर अखिलेश कांग्रेस के साथ रहकर सपा को फिर से 47 सीटों तक क्यों सीमित करना चाहते हैं?

राहुल गांधी के बुलावे पर पहुंचते हैं अखिलेश: राजभर

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर परिवार और पार्टी के पुराने नेताओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश को अपने पिता मुलायम सिंह यादव पर लिखी किताब के प्रचार के लिए समय नहीं मिलता, लेकिन राहुल गांधी के बुलाने पर वह तुरंत पहुंच जाते हैं।

राजभर ने दावा किया कि जिस समाजवादी पार्टी को मुलायम सिंह यादव और शिवपाल यादव ने मेहनत से खड़ा किया था, अखिलेश के नेतृत्व में उसकी राजनीतिक स्थिति कमजोर हुई है। उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इसकी हालत सांप-छछूंदर जैसी हो गई है।

शिवपाल की आत्मकथा को लेकर भी कसा तंज

राजभर ने अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव के रिश्तों को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अगर शिवपाल यादव ने अपनी राजनीतिक जिंदगी पर आत्मकथा लिख दी, तो उसमें अखिलेश की भूमिका सामने आने पर उनकी तुलना औरंगजेब से की जाने लगेगी।

उन्होंने 2017 के सपा-कांग्रेस गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी अखिलेश ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की सलाह को महत्व नहीं दिया था। राजभर के मुताबिक, अखिलेश को पुराने राजनीतिक फैसलों से सबक लेना चाहिए और अपनी पार्टी की स्थिति पर विचार करना चाहिए।

अखिलेश को दी मजबूत चुनाव लड़ने की सलाह

सुभासपा प्रमुख ने अखिलेश यादव को आत्ममंथन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन करने से पहले अखिलेश को यह सोचना चाहिए कि इससे समाजवादी पार्टी को कितना राजनीतिक फायदा होगा।

राजभर ने कहा कि अखिलेश को चुनाव में मजबूती से उतरना चाहिए, ताकि प्रदेश की राजनीति में मुकाबला बना रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के सामने झुकने से सपा की अपनी राजनीतिक पहचान और ताकत प्रभावित हो रही है।