जम्मू-कश्मीर के राजौरी-पुंछ इलाके में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ के बाद NH-144 पर भूस्खलन से सड़क बंद होने की स्थिति को देखते हुए सीमा सड़क संगठन (BRO) ने मलबा हटाने का काम तेज कर दिया है। बारिश के कारण हाईवे के कई हिस्सों में भूस्खलन और बड़े-बड़े पत्थर गिरने से सड़क पर आवाजाही प्रभावित हुई। इससे लोगों और वाहनों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
BRO की टीमें भारी मशीनों की मदद से सड़क पर जमा मलबा और बड़े पत्थर हटाने में जुटी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मौसम ठीक होते ही टीमों ने प्रभावित जगहों पर काम शुरू कर दिया था और लगातार सड़क को साफ करने की कोशिश की जा रही है। 19 जुलाई को फ्लैश फ्लड के दौरान नादपुर और थलका इलाके में बड़े पत्थरों के साथ भूस्खलन हुआ था। इसके बाद से BRO के जवान लगातार यहां मलबा हटाने का काम कर रहे हैं।
इस सड़क को जल्द से जल्द ठीक करने का काम इसलिए भी जरूरी है क्योंकि NH-144 जम्मू, राजौरी और पुंछ के बीच आने-जाने के लिए अहम रास्ता है। स्थानीय लोगों ने सड़क खोलने के लिए BRO और जिला प्रशासन की कोशिशों की तारीफ की है। BRO की टीमें फिलहाल भारी मशीनों की मदद से मलबा और पत्थर हटाने में लगी हैं, ताकि NH-144 पर यातायात जल्द सामान्य हो सके और जम्मू, राजौरी और पुंछ के बीच संपर्क बना रहे।