दिल्ली पुलिस की साइबर साउथ टीम ने ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें गिरोह का कथित मास्टरमाइंड और फोन पर लोगों को ठगने वाला आरोपी शामिल है। पुलिस ने पीड़ित महिला से ठगी गई करीब 1.04 लाख रुपये की रकम बरामद कर वापस करा दी है।
पुलिस के मुताबिक, मालवीय नगर की रहने वाली एक महिला ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने इंस्टाग्राम पर '@s.bucketlist.store' नाम के पेज से 999 रुपये के बैग ऑर्डर किए थे। इसके बाद एक व्यक्ति ने खुद को अमेजन का डिलीवरी एजेंट बताकर महिला से संपर्क किया और ऑफर की पुष्टि, प्रोसेसिंग फीस तथा रिफंड शुरू करने के नाम पर बार-बार भुगतान करवाया।
इस तरह महिला से 14 यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1,03,973 रुपये ठग लिए गए। शिकायत के आधार पर 12 जुलाई 2026 को साइबर साउथ थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई।
जयपुर से जुड़े ठगी के नेटवर्क का खुलासा
मामले की जांच के लिए साइबर पुलिस की टीम ने संदिग्ध व्हाट्सऐप नंबर और डिजिटल गतिविधियों का विश्लेषण किया। जांच में आरोपियों का संबंध राजस्थान के जयपुर से सामने आया।
स्थानीय पुलिस की मदद से टीम ने जमवारामगढ़, जयपुर से आरोपी अजय मीणा को पकड़ा। उसके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद तकनीकी निगरानी के आधार पर कथित मास्टरमाइंड अशोक कुमार मीणा का पता लगाया गया। उसे 23 नवंबर 2026 को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया।
सस्ते सामान का लालच देकर करते थे ठगी
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम पर कई फर्जी शॉपिंग पेज चलाते थे। इन पेजों पर सामान बेहद कम कीमत में बेचने का दावा किया जाता था। ग्राहक ऑर्डर करने के बाद व्हाट्सऐप पर पहुंचते थे, जहां उनसे एडवांस भुगतान कराया जाता था।
इसके बाद आरोपी खुद को अमेजन का डिलीवरी एजेंट बताकर संपर्क करते थे। फर्जी व्हाट्सऐप नंबर और नकली पहचान पत्रों के जरिए वे ग्राहकों को अलग-अलग बहाने बनाकर अतिरिक्त रकम भेजने के लिए कहते थे।
ठगी से मिली रकम को छिपाने के लिए आरोपी ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट के QR कोड और गेमिंग आईडी का इस्तेमाल करते थे। इस तरीके से पैसों के लेन-देन का पता लगाना मुश्किल हो जाता था।
कई मोबाइल फोन और फर्जी दस्तावेज बरामद
पुलिस ने जांच के दौरान कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें Apple iPhone 17 Pro, Apple iPhone 16, OPPO A-78 5G और Xiaomi Redmi 12 5G शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, iPhone 17 Pro कथित तौर पर ठगी की रकम से खरीदा गया था।
इसके अलावा फर्जी पैन कार्ड, आधार कार्ड और 'नितिन कुमार सिंह' के नाम से बना नकली अमेजन पहचान पत्र भी मिला है। आरोपियों के पास से ठगी की रकम भेजने और निकालने से जुड़े QR कोड तथा व्हाट्सऐप चैट भी बरामद हुई हैं।
जांच में सात फर्जी इंस्टाग्राम शॉपिंग पेजों का डिजिटल रिकॉर्ड सामने आया है। इनमें '@s.bucketlist.store', 'bucketliststoreindia.01', 'renu_collection', 'renu_collection_12', 'renu_collection._', 'mayra_collection__1' और 'aradhya_collection_10' शामिल हैं।
पुलिस ने 'Delivery Department', 'Renu Collection' और 'aradhya collection' नाम से चल रहे फर्जी व्हाट्सऐप बिजनेस अकाउंट भी पहचाने हैं। आरोपियों के पास से संभावित पीड़ितों के 57 मोबाइल नंबरों की सूची और नौ अन्य लोगों से जुड़ी चैट भी मिली है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। अब जांच टीम देश के अलग-अलग हिस्सों में इस नेटवर्क के अन्य पीड़ितों की पहचान करने और गिरोह से जुड़े दूसरे लोगों का पता लगाने में जुटी है।