राजस्थान के जयपुर में शुक्रवार को एक परिवार के तीन लोगों की मौत का मामला सामने आया है। कंवटिया सर्कल स्थित घर में मां, बेटी और बेटे के शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय सरोज तिवारी, 25 वर्षीय शिवानी तिवारी और 30 वर्षीय लकी तिवारी के तौर पर हुई है।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, लकी अपनी मां और बहन के बीच होने वाले विवादों को लेकर परेशान रहता था। आशंका है कि इसी तनाव के चलते उसने पहले दोनों की जान ली और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली।
मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह ने बताया कि मामले की शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, परिवार के मुखिया की भी कुछ वर्ष पहले आत्महत्या से मौत हुई थी। फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।