Breaking News

महाराष्ट्र: ATS की कई जगहों पर छापेमारी, 21 स्थानों पर चल रहा सर्च ऑपरेशन     |   समाजवादी पार्टी में शामिल हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी     |   कर्नाटक: मांड्या केमिकल लीक त्रासदी में 2 की मौत, 3 की हालत नाजुक     |   बारामती प्लेन क्रैश मामले में रोहित पवार ने शाह और DGCA को लिखा पत्र, जांच की मांग की     |   भारत-PAK मैच से पहले कोलंबो में स्टेडियम की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे ओम बिरला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 17 फरवरी को बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।बांग्लादेश ने ढाका में होने वाले इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया है। विदेश मंत्रालय ने रविवार को बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की नव निर्वाचित सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे।

रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने बांग्लादेश के संसदीय चुनावों में शानदार जीत हासिल की है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा “इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अध्यक्ष की भागीदारी भारत और बांग्लादेश के लोगों के बीच गहरी और अटूट मित्रता को रेखांकित करती है और दोनों देशों को जोड़ने वाले लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है।” बयान में कहा गया “साझा इतिहास, संस्कृति और आपसी सम्मान से जुड़े पड़ोसी होने के नाते, भारत तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश की निर्वाचित सरकार के गठन का स्वागत करता है, जिनके दृष्टिकोण और मूल्यों को जनता का भारी जनादेश प्राप्त हुआ है।”