Breaking News

होर्मुज अब अमेरिका का नया इलाका: राष्ट्रपति ट्रंप     |   सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की फांसी देकर मौत की सजा के खिलाफ दायर PIL     |   विनोद तावड़े को यूपी बीजेपी की कमान, सतीश पूनिया पंजाब के बने प्रभारी     |   CM योगी का विपक्ष पर निशाना, बोले- ये पैसा लूटते थे और विदेश में जमा करवाते थे     |   यूपी ATS का बड़ा एक्शन, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा एक संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार     |  

अमेरिका में भारतीय छात्र मृत मिला, कुछ दिन से था लापता

अमेरिका में एक सप्ताह से भी कम समय पहले लापता हुआ 22 वर्षीय भारतीय स्नातकोत्तर छात्र मृत पाया गया है। कर्नाटक के रहने वाले और कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में पढ़ने वाले छात्र साकेत श्रीनिवासैया सोमवार से लापता थे। सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने स्थानीय समयानुसार शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में छात्र के शव की बरामदगी की पुष्टि की। पोस्ट में कहा गया है, ‘‘वाणिज्य दूतावास को यह सूचित करते हुए गहरा दुख है कि स्थानीय पुलिस ने लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया के शव की बरामदगी की पुष्टि कर दी है।’’

श्रीनिवासैया के प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए वाणिज्य दूतावास ने कहा कि दूतावास परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है जिसमें स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय और पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत ले जाने की व्यवस्था करना शामिल है। दूतावास ने कहा, ‘‘वाणिज्य दूतावास के अधिकारी परिवार के साथ संपर्क में हैं और सभी आवश्यक औपचारिकताओं एवं सेवाओं में उनका सहयोग करेंगे।’’

श्रीनिवासैया कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में मास्टर ऑफ साइंस पाठ्यक्रम की पढ़ाई करते थे। श्रीनिवासैया के बैग में उनका पासपोर्ट और लैपटॉप था जो पार्क हिल्स इलाके में एक दरवाजे पर मिला था। इससे पहले, स्थानीय पुलिस ने श्रीनिवासैया के बारे में जानकारी रखने वाले किसी भी व्यक्ति को स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों से संपर्क करने को कहा था।