भारतीय संविधान हर नागरिक को समानता, सम्मान और आगे बढ़ने का बराबर अवसर देता है। संविधान की इसी भावना को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रयास कर रही है। सरकार की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की पढ़ाई में मददगार बन रही हैं।
योगी सरकार के कार्यकाल में अब तक 4.85 करोड़ से अधिक छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ दिया गया है। इन योजनाओं के जरिए समाज के सभी वर्गों के विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर मिल रहा है। खासतौर पर उन परिवारों के बच्चों को मदद मिल रही है, जिनकी पीढ़ियों में पहली बार कोई विद्यार्थी उच्च शिक्षा की ओर कदम बढ़ा रहा है।
छात्रवृत्ति योजनाओं का बढ़ा दायरा, बजट में भी हुई वृद्धि
प्रदेश सरकार की पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से अनुसूचित जाति, सामान्य वर्ग, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और योजनाओं की जरूरत को देखते हुए छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के बजट में भी लगातार वृद्धि की गई है। इन योजनाओं का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी किसी विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा न बने और योग्य छात्र-छात्राएं अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें।
एक दिन में 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों को मिली आर्थिक सहायता
छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत सरकार नियमित रूप से विद्यार्थियों के खातों में सहायता राशि भेज रही है। 3 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में 148 करोड़ रुपये से ज्यादा की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि अंतरित की।
इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग के 2,23,615 विद्यार्थियों को 60.01 करोड़ रुपये, अनुसूचित जाति के 1,59,959 विद्यार्थियों को 64.54 करोड़ रुपये, सामान्य वर्ग के 38,084 विद्यार्थियों को 11.43 करोड़ रुपये और अल्पसंख्यक वर्ग के 38,901 विद्यार्थियों को 12.06 करोड़ रुपये दिए गए।
इससे पहले 25 जनवरी 2026 को भी 18,78,726 छात्र-छात्राओं के खातों में 944.55 करोड़ रुपये भेजे गए थे। सरकार ने साल में दो बार छात्रवृत्ति वितरण की व्यवस्था की है, ताकि विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र के दौरान समय पर सहायता मिल सके।
इस आर्थिक मदद से विद्यार्थियों को फीस, किताबें और पढ़ाई से जुड़ी दूसरी जरूरी चीजों का खर्च उठाने में सहूलियत मिल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों और कमजोर आर्थिक स्थिति वाले परिवारों के बच्चों के लिए यह सहायता पढ़ाई जारी रखने में अहम भूमिका निभा रही है।
डीबीटी से सीधे खातों में पहुंच रही छात्रवृत्ति
छात्रवृत्ति वितरण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार ने डिजिटल व्यवस्था को मजबूत किया है। आवेदन, सत्यापन और भुगतान की प्रक्रिया ऑनलाइन की गई है। आधार से जुड़े बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सहायता राशि भेजी जा रही है।
इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को सीधे लाभ मिल रहा है और बिचौलियों की भूमिका कम हुई है। ऑनलाइन प्रक्रिया के कारण आवेदन और भुगतान से जुड़ी जानकारी प्राप्त करना भी आसान हुआ है। वहीं, सत्यापन के जरिए पात्र विद्यार्थियों तक ही सरकारी सहायता पहुंचाने में मदद मिल रही है।
पहली पीढ़ी के विद्यार्थियों के सपनों को मिल रहा सहारा
कई परिवारों में आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करना आसान नहीं होता। इंटरमीडिएट के बाद कॉलेज या विश्वविद्यालय में दाखिला लेने के समय फीस और अन्य खर्च बड़ी चुनौती बन जाते हैं।
ऐसे विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाएं उम्मीद की नई राह खोल रही हैं। सरकारी सहायता से वे अपनी फीस जमा करने, किताबें खरीदने और पढ़ाई से जुड़े जरूरी खर्च पूरे करने में सक्षम हो रहे हैं।
संविधान दिवस के अवसर पर शिक्षा के माध्यम से समान अवसर उपलब्ध कराने की यह पहल सामाजिक समरसता और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। योगी सरकार का प्रयास है कि आर्थिक अभाव किसी भी विद्यार्थी की प्रतिभा और भविष्य के रास्ते में बाधा न बने।