दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को मोती नगर विधानसभा क्षेत्र में जन कौशल केंद्र और स्वयं स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया। दोनों केंद्रों की स्थापना मदन लाल खुराना फाउंडेशन के प्रयासों से की गई है। इस अवसर पर विधायक हरीश खुराना, उमंग बजाज समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में युवाओं को पारंपरिक शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीक और उद्योग-केंद्रित कौशल से जोड़ना समय की जरूरत है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीक रोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में नए अवसर पैदा कर रही हैं। ऐसे में युवाओं को आत्मनिर्भर और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में जन कौशल केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जन कौशल केंद्र के माध्यम से हजारों युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों से जुड़कर अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस केंद्र में युवा ही नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिक और बुजुर्ग भी नई तकनीकों को सीखने में रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोती नगर का यह केंद्र आकार में भले ही छोटा हो, लेकिन यह दिल्ली के युवाओं को भविष्य के रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के संबोधन का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को एआई आधारित शिक्षा और कौशल से जोड़ना देश की भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने एक करोड़ युवाओं को एआई कौशल से जोड़ने का लक्ष्य रखा है और दिल्ली में भी इस दिशा में काम शुरू हो चुका है।

स्वयं स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सशक्त समाज के लिए शिक्षा और कौशल के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं भी बेहद जरूरी हैं। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को अपने आसपास ही समय पर आवश्यक सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य और कौशल विकास की सुविधाएं पहुंचाना सरकार और सामाजिक संस्थाओं की साझा जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मदन लाल खुराना के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को याद किया। उन्होंने कहा कि मदन लाल खुराना फाउंडेशन द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्य उनके ‘खुशहाल और सशक्त दिल्ली’ के सपने को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हैं। उन्होंने इस परियोजना में ट्रिनिटी फाउंडेशन के सहयोग की भी सराहना की। फाउंडेशन की ओर से जमीनी स्तर पर वोकेशनल ट्रेनिंग, स्वास्थ्य शिविर और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में काम किया जा रहा है।

स्वयं स्वास्थ्य केंद्र को आधुनिक स्वास्थ्य जांच केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां लोगों को अपने क्षेत्र में ही कई जरूरी स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल सकेगी। केंद्र में सीबीसी, एलएफटी, केएफटी, ब्लड शुगर, थायरॉइड, कोलेस्ट्रॉल, लिपिड प्रोफाइल, कार्डियक प्रोफाइल, फीवर प्रोफाइल और डेंटल स्क्रीनिंग जैसी जांच उपलब्ध होंगी। इसके अलावा ईसीजी, ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन लेवल की भी जांच की जा सकेगी।

जांच के परिणाम डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर टेलीमेडिसिन के जरिए डॉक्टर से परामर्श लेने की सुविधा भी मिलेगी। इस केंद्र का उद्देश्य लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना और बीमारियों की शुरुआती चरण में पहचान कर समय पर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है।