Breaking News

सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की फांसी देकर मौत की सजा के खिलाफ दायर PIL     |   विनोद तावड़े को यूपी बीजेपी की कमान, सतीश पूनिया पंजाब के बने प्रभारी     |   CM योगी का विपक्ष पर निशाना, बोले- ये पैसा लूटते थे और विदेश में जमा करवाते थे     |   यूपी ATS का बड़ा एक्शन, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा एक संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार     |   यूपी: प्रयागराज में भारी बारिश का असर, कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद     |  

BJP ने यूपी, पंजाब और गुजरात के लिए नियुक्त किए नए प्रभारी, विनोद तावड़े को मिली उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नए प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की। पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, राष्ट्रीय सचिव जगदीश ईश्वरभाई पटेल को यूपी का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

पंजाब की जिम्मेदारी राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया को दी गई है। गुजरात में राज्यसभा सांसद और BJP मुख्यालय प्रभारी तरुण चुघ को प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। BJP ने कहा है कि बाकी राज्यों के प्रभारियों की नियुक्ति आने वाले समय में की जाएगी। तब तक उन राज्यों में मौजूदा प्रभारी व्यवस्था जारी रहेगी। इन नियुक्तियों को 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात में पार्टी अब अपना चुनावी अभियान तेज कर सकती है।

इससे पहले सोमवार को BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम का ऐलान किया गया था। नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी सांसद अनिल बलूनी को मीडिया टीम का संयोजक बनाए रखा गया है। उनके साथ आशीष उषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब, सुनील बंसल, विनोद तावड़े, गजेंद्र पटेल, सतीश पूनिया, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।

BJP ने कई वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी है। इनमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराजा, प्रो. तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर शामिल हैं। खास बात यह है कि 13 नए राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में 6 महिलाएं हैं।

BJP की नई टीम में अलग-अलग राज्यों के नेताओं को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें मध्य प्रदेश की कविता पाटीदार, केरल के के. सुरेंद्रन, उत्तर प्रदेश के डॉ. भोला सिंह, झारखंड के प्रदीप वर्मा, गुजरात के जगदीश ईश्वरभाई पटेल, दिल्ली के संदीप पाठक, नागालैंड की फांगनोन कोन्याक, उत्तर प्रदेश की संगीता यादव, केरल के अनिल एंटनी, तमिलनाडु के एम. वेंकटेशन, पश्चिम बंगाल के मनोज तिग्गा, बिहार के सिद्धार्थ शंभू, दिल्ली के स्वदेश सिंह, असम के मृगांका देव बर्मन, गुजरात के रोहन गुप्ता और दिल्ली के जय प्रकाश शामिल हैं।

पीयूष गोयल को एक बार फिर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया गया है।गुजरात के सांसद हेमांग जोशी BJP युवा मोर्चा की कमान संभालेंगे। छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है। मीडिया संयोजक के तौर पर अनिल बलूनी अपना पद संभालते रहेंगे, जबकि दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है।