Breaking News

पटना में राजभवन मार्च के दौरान हिरासत में लिए गए तेजस्वी यादव     |   बागवान के पास मलबा गिरने के कारण बद्रीनाथ-केदारनाथ हाइवे-07 अवरुद्ध     |   चार रेलवे प्रोजेक्ट और एक हाईवे परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी     |   दिल्ली: झारखंड बीजेपी के डेलिगेशन ने अमित शाह से की मुलाकात     |   दिल्ली: टिकरी कलां इलाके में CNG पंप पर ब्लास्ट, कई लोगों के घायल होने की खबर     |  

'धुरंधर द रिवेंज' के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज, सिख समुदाय को आहत करने का लगा आरोप

Dhurandhar The Revenge: महाराष्ट्र के मुंबई में एक सिख संगठन ने फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' के निर्माताओं और मुख्य अभिनेता रणवीर सिंह के खिलाफ समुदाय की धार्मिक भावनाओं को कथित तौर पर ठेस पहुंचाने के आरोप में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अधिकारियों ने बुधवार को ये जानकारी दी। शिकायतकर्ता 'सिख्स इन महाराष्ट्र' के अनुसार, फिल्म के एक पोस्टर में रणवीर सिंह को पगड़ी, लंबी दाढ़ी और 'कड़ा' (कंगन) पहने हुए दिखाया गया है, जिन्हें सिख समुदाय के पवित्र प्रतीक माना जाता है।

आरोप में कहा गया कि अभिनेता को हाथ में सिगरेट पकड़े हुए भी दिखाया गया है और इस चित्रण से सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। ये आरोप 17 मार्च को मुलुंड पुलिस थाने में दायर शिकायत में लगाया गया है। संगठन ने फिल्म के निर्देशक, निर्माता और रणवीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है और जांच जारी है। ये फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर कमाई का 700 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है।

रणवीर सिंह अभिनीत ये फिल्म आदित्य धर की 2025 में रिलीज हुई फिल्म 'धुरंधर' का सीक्वल है, जिसने विश्व स्तर पर 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। 'धुरंधर: द रिवेंज' का निर्माण ज्योति देशपांडे और लोकेश धर ने किया है और ये हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज हुई है।