Breaking News

कांडला पहुंचा LPG वेसल ‘जग वसंत’, 42 हजार मीट्रिक टन गैस की है खेप     |   J&K असेंबली परिसर में विरोध प्रदर्शन, ईरान के समर्थन में पोस्टर, US-इजरायल के खिलाफ लगे नारे     |   झारखंड में 942 डॉक्टरों की भर्ती का रास्ता साफ, JPSC को भेजा गया प्रस्ताव     |   रुपये में ऐतिहासिक गिरावट, डॉलर के मुकाबले 94.15 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंची भारतीय करेंसी     |   ओवैसी 2-3 अप्रैल को करेंगे असम का दौरा, AIUDF के चीफ अजमल बोले- AIMIM से मिलेगा फायदा     |  

जाकिर हुसैन की जगह कोई भी संगीतकार नहीं ले सकता: उस्ताद निशात खान

सितार वादक उस्ताद निशात खान ने सोमवार को दुनियाभर में शास्त्रीय संगीत में भारत को अलग पहचान दिलाने वाले उस्ताद और मशहूर तबला वादक जाकिर हुसैन को लंदन में श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि जाकिर हुसैन एक बेहतरीन संगीतकार थे, जिन्होंने दुनिया की लय को बेजोड़ तरीके से आत्मसात किया और वे हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे।

बचपन से ही हुसैन के साथ कई संगीत कार्यक्रम करने वाले निशात खान ने सैन फ्रांसिस्को के अस्पताल में उनके निधन पर दुख व्यक्त किया। उस्ताद निशात खान ने पीटीआई वीडियो से कहा, "ये अविश्वसनीय था। जाकिर भाई और मैं कई सालों से एक-दूसरे को जानते हैं; हम बचपन से ही एक-दूसरे को जानते हैं क्योंकि हम बॉम्बे में पड़ोसी भी थे।"

उन्होंने आगे कहा, "ये एक ऐसे संगीतकार हैं जिसकी जगह कोई नहीं ले सकता। वो अपने समय के बेहतरीन तबला वादक थे, जिन्होंने तबले को बिल्कुल अलग लेवल पर पहुंचाया। पश्चिम में रहने और पश्चिमी संगीतकारों और पश्चिमी तालवादकों के साथ बजाने के उनके अनुभव का मतलब था कि उन्होंने दुनिया के संगीत को आत्मसात कर लिया। जाकिर भाई ने दुनिया की लय को आत्मसात कर लिया और जिस तरह की वादन शैली उन्होंने लाई, वो वाकई बहुत अनोखी थी।"

उस्ताद जाकिर हुसैन के साथ कई जुगलबंदी करने वाले सितार वादक ने दिवंगत संगीतकार की युवा कलाकारों को ज्ञान देने और दुनिया भर के तबला वादकों को प्रेरित करने के लिए उनकी तारीफ की।

उन्होंने कहा, "निश्चित रूप से वो स्वर्ग में सबसे ऊंचे स्थान पर होंगे क्योंकि उनके जैसे लोग इस ग्रह पर बहुत कम ही मिलते है। हम बहुत भाग्यशाली हैं कि जाकिर भाई हमारे जीवन में थे और वो हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे।" एक और करीबी दोस्त और सहयोगी मीरा कौशिक ने तबला वादक को श्रद्धांजलि अर्पित की। वो पहली बार 1978 में मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान उनसे मिली थी।