Breaking News

‘मिडिल ईस्ट संघर्ष के परिणामों का अनुमान लगाना कठिन’, रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा     |   यूरोपीय संघ में गैस सप्लाई की सुरक्षा को लेकर कोई समस्या नहीं: EU आयोग प्रवक्ता     |   ईरान में युद्ध के चलते रूस की तेल से रोजाना $760 मिलियन की कमाई हो रही: क्रेमलिन     |   ‘ईरान के लिए बात करने वाले गंभीर रहें’, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा     |   ‘US को NATO की मदद की जरूरत नहीं’, ईरान जंग के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने फिर कहा     |  

मुझे डब की गई अंग्रेजी फिल्में कभी पसंद नहीं आईं: अभिनेता संजय मिश्रा

हॉलीवुड एनिमेटेड फिल्म "मुफासा: द लायन किंग" के हिंदी एडिसन में पुंबा यानी वॉर्थोग के किरदार को अपनी आवाज देने वाले अभिनेता संजय मिश्रा का कहना है कि भारत में डबिंग फिल्मों का स्तर पिछले कुछ सालों में बेहतर हुआ है और आज हर शब्द पर ध्यान दिया जा रहा है। बैरी जेनकिंस के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म 1994 की एनिमेटेड फिल्म "द लायन किंग" का प्रीक्वल और सीक्वल दोनों है।

ये मुफासा के अनाथ शावक से जंगल का राजा बनने तक के सफर को दिखाती है। सुपरस्टार शाहरुख खान ने हिंदी एडिशन में मुफासा के किरदार को अपनी आवाज दी है, जबकि उनके बड़े बेटे आर्यन खान ने सिम्बा और उनके सबसे छोटे बेटे अबराम खान ने शावक मुफासा की भूमिका निभाई है। संजय मिश्रा ने कहा कि वे पुंबा के लिए डब करने के लिए तब तैयार हुए जब उन्होंने अभिनेता श्रेयस तलपड़े को टिमन नाम की मीरकैट के किरदार के लिए रिकॉर्डिंग करते सुना।

टिमन और पुंबा काफी फेमस जोड़ी है। जो "द लायन किंग" ब्रह्मांड में मुफासा के बेटे सिम्बा के दोस्त और गुरु के रूप में दिखाई देते हैं। संजय मिश्रा ने कहा, "मुझे डब की गई अंग्रेजी फिल्में कभी पसंद नहीं आईं क्योंकि वे हिंदी में डब करके अधूरी लगती हैं। लेकिन आज हर शब्द पर ध्यान दिया जाता है, न सिर्फ पहले शब्द पर, बल्कि आखिरी शब्द पर भी।"
संजय मिश्रा ने बताया, "मैं शुरू में थोड़ा परेशान था। लेकिन जब मैंने श्रेयस को सुना, तो मुझे लगा कि उसने वैसा ही किया जैसा कि उम्मीद की जा रही थी। इसलिए, मैंने इसे बिल्कुल वैसे ही किया जैसे स्क्रिप्ट में लिखा था।"

संजय मिश्रा ने बताया कि उन्होंने अपने किरदार को डब करने के लिए वैसे ही किया जैसे श्रेयस तलपड़े करते हैं। "मुफासा: द लायन किंग" में अपनी आवाज के बारे में उन्होंने कहा, "श्रेयस मुंबई में पैदा हुआ है और पला-बढ़ा है, इसलिए मेरा मानना ​​है कि वो किरदार को अच्छी तरह समझता है। इसलिए मैं बस उनको फॉलो करता हूं। इससे मुझे मदद मिलती है।" संजय मिश्रा "आंखों देखी", "धमाल", "वध" और "भूल भुलैया 3" जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। वो बताते हैं कि आज कई डायरेक्टर अलग-अलग प्रोजेक्ट के लिए उनके साथ संपर्क में हैं।