Breaking News

'लेबनान पर इजरायली हमलों में मरने वाले लोगों की संख्या 900 से ज्यादा हुई'     |   समाजवादी पार्टी ने यूपी में शिक्षक मतदाता सूची में गंभीर गड़बड़ी का आरोप लगाया     |   कुलदीप यादव के रिसेप्शन में पहुंचे CM योगी, कोच गंभीर सहित कई क्रिकेटर मौजूद     |   इजरायली PM नेतन्याहू ने किया कंफर्म, मारे गए ईरान के सिक्योरिटी चीफ लारीजानी     |   इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने नवरोज पर ईरानी लोगों को दी बधाई     |  

नोरा फतेही और संजय दत्त के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' पर बढ़ा विवाद, वकील ने की शिकायत; बैन की उठी मांग

एक अधिवक्ता ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से गीत "सरके चुनर तेरी सरके" पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और उसे हटाने की मांग की है। उनका आरोप है कि इस गाने के बोल और दृश्य अश्लील हैं और खासकर नाबालिगों के लिए हानिकारक हैं। अधिवक्ता विनीत जिंदल ने इस संबंध में CBFC के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए गाने के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस शिकायत की प्रति सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को भी भेजी गई है।

शिकायत में कहा गया है कि नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माया गया यह गाना, जो यूट्यूब और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है, “अत्यधिक अश्लील, यौन संकेत देने वाला और आपत्तिजनक” है। इसमें यह भी आरोप लगाया गया है कि गाने के दृश्य और डांस सीक्वेंस उत्तेजक हैं, जो अश्लीलता को बढ़ावा देते हैं और सार्वजनिक शालीनता को प्रभावित करते हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार, गाने के कुछ बोल स्पष्ट रूप से आपत्तिजनक और आम दर्शकों, विशेषकर बच्चों के लिए अनुपयुक्त हैं। उन्होंने चिंता जताई है कि इस तरह की सामग्री ऑनलाइन आसानी से उपलब्ध होने के कारण नाबालिगों तक पहुंच रही है। शिकायत में गीत से जुड़े प्रमुख लोगों का भी उल्लेख किया गया है, जिनमें गीतकार रकीब आलम, निर्देशक प्रेम, संगीतकार अर्जुन जन्य और गायिका मंगली शामिल हैं।

कानूनी दृष्टि से शिकायतकर्ता का कहना है कि इस गाने के प्रकाशन और प्रसारण पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 294, पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत कार्रवाई हो सकती है। इसके अलावा, इस मामले में दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में भी एक अलग आपराधिक शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। अंत में, शिकायतकर्ता ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि गाने पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाए और इसे सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से हटाया जाए, ताकि सार्वजनिक शालीनता बनाए रखी जा सके और नाबालिगों को कथित रूप से अश्लील सामग्री से बचाया जा सके।