Breaking News

नोएडा के सेक्टर 144 में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन बिल्डिंग की शटरिंग गिरने से 2 मजदूर की मौत     |   सूरजकुंड हादसा: झूले के मालिक समेत दो आरोपी गिरफ्तार     |   राजस्थान: नकली FMGE सर्टिफिकेट मामले में SOG ने 20 और संदिग्ध डॉक्टरों की लिस्ट तैयार की     |   कप्तान आयुष म्हात्रे और कोच समेत अंडर 19 वर्ल्ड कप जीतने वाले खिलाड़ी मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे     |   वीर सावरकर को भारत रत्न दिया जाता है तो इससे भारत रत्न का सम्मान बढ़ेगा: मोहन भागवत     |  

पुरस्कार अब मेरे लिए कोई मायने नहीं रखते: अभिनेता नाना पाटेकर

तीन बार के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता नाना पाटेकर ने कहा कि उनके पिता को उनकी उपलब्धियों पर बहुत गर्व था।
अभिनेता जल्द ही अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित फिल्म "वनवास" में दिखाई देंगे। ये फिल्म आज के समय में माता-पिता और बच्चे के बीच रिश्तों पर आधारित है। नाना पाटेकर ने कहा, "मेरे पिता को बात पर बहुत गर्व था कि उनका बेटा अच्छा काम कर रहा है। हालांकि, मैं ज्यादा कुछ नहीं कर सका और उस समय मेरे पास पैसे भी नहीं थे।"

उन्होंने कहा, "ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि मेरे पिता की मृत्यु बहुत पहले हो गई। उन्होंने मेरा पहला स्टेज शो "अमिताबाई ची पोटली" और "महासागर" देखा है। "महासागर" के बाद उनका निधन हो गया। वे मेरी कोई फिल्म नहीं देख सके।" नाना पाटेकर ने उद्योग में अपने शुरुआती संघर्षों और मराठी अभिनेता अशोक सराफ से मिले समर्थन का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा, "अशोक सराफ मराठी सिनेमा के एक बड़े अभिनेता और स्टार हैं। वे मेरे लिए बड़े भाई की तरह हैं। गरीबी इतनी थी कि हमें एक शो के 50 रुपये मिलते थे इसलिए हम ताश खेलते थे। वे एक स्टार थे (अशोक सराफ)। उन्हें एक शो के लिए 250 रुपये मिलते थे और वे जानबूझकर मेरे खिलाफ कार्ड में 10 से 15 रुपये हार जाते थे।मैं जानता था कि वे जानबूझकर हार रहे हैं लेकिन मैं वो पैसे ले लेता था क्योंकि मुझे जरूरत होती थी। उन्होंने मेरी बहुत मदद की।"

नाना पाटेकर को 'परिंदा', 'तिरंगा', 'क्रांतिवीर', 'शक्ति: द पावर', 'प्रहार - द फाइनल अटैक', 'नटसम्राट', 'देउल' और 'डॉ. प्रकाश बाबा आमटे: द रियल हीरो ' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय के लिए जाना जाता है। इसके अलावा नाना पाटेकर को उनकी हास्य भूमिकाओं के लिए भी काफी पसंद किया जाता है, खासकर 'वेलकम' फ्रेंचाइजी और 'टैक्सी नंबर 9211' के लिए।

अपने कई सम्मानों में से, नाना पाटेकर को साल 2013 में देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार, पद्म श्री से भी सम्मानित किया जा चुका है। इसे लेकर उन्होंने कहा कि इतना बड़ा सम्मान पाने की उनकी हैसियत नहीं है। अपने जीवन के इस पड़ाव पर नाना ने इस बात पर जोर दिया कि पुरस्कार अब उनके लिए कोई मायने नहीं रखते। फिल्म "वनवास" में उत्कर्ष शर्मा और सिमरत कौर भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। जी स्टूडियोज और अनिल शर्मा प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित ये फिल्म 20 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।