Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर भारत को तोड़ने की साजिश में शामिल होने का लगाया आरोप

New Delhi: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भारत को ‘तोड़ने’ की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कहा कि कांग्रेस नेता की आत्मा को शांति तब मिलेगी जब भारत पर चीन, रूस और अमेरिका हमला करेंगे।

दुबे ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि वह चाहते हैं कि प्रधानमंत्री सुबह डोनाल्ड ट्रंप को गाली दें, दोपहर में व्लादिमीर पुतिन को गाली दें और शाम को शी चिनफिंग को गाली दें। अगर प्रधानमंत्री तीनों की बेइज्जती करते हैं, तो राहुल गांधी की आत्मा को शांति मिलेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब रूस, अमेरिका और चीन मिलकर भारत का बहिष्कार करेंगे, या भारत पर हमला करेंगे, तो उनके दिल को तसल्ली मिलेगी क्योंकि जॉर्ज सोरोस का भारत को तोड़ने का एजेंडा कामयाब हो जाएगा।’’ दुबे ने कहा, ‘‘मैं हमेशा यही कहता हूं --भारत को तोड़ने की साजिश है और राहुल गांधी उस साजिश में शामिल हैं।’’

झारखंड के गोड्डा से सांसद दुबे ने श्रीलंका में गृह युद्ध के दौरान भारतीय शांतिरक्षक बल भेजने के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के फैसले की भी आलोचना की। एलपीजी की अनुपलब्धता पर चल रही बहस का ज़िक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि जहां कई पड़ोसी देश इसकी कमी का सामना कर रहे हैं, वहीं भारत कहीं बेहतर स्थिति में है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘आपको यह समझना चाहिए: पाकिस्तान लगभग चार दिन से एक तरह से बंद है। वहां लगभग 90 प्रतिशत रेस्टोरेंट बंद हैं। बांग्लादेश में लगभग 95 प्रतिशत रेस्तरां बंद हो गए हैं। श्रीलंका में लगभग 98 प्रतिशत रेस्तरां बंद हैं और वहां गाड़ियां भी नहीं चल रही हैं।’’