T20 WC 2026: भारतीय टीम प्रबंधन खराब फॉर्म में चल रहे तीन में से कम से कम एक बल्लेबाज को बाहर कर सकता है जबकि शीर्षक्रम में कई खब्बू बल्लेबाजों को उतारने की अपनी रणनीति की भी समीक्षा करेगा। मुख्य कोच गौतम गंभीर के सहयोगी रियान टेन डोइशे और सितांशु कोटक ने ये संकेत दिए।
दक्षिण अफ्रीका ने टी20 विश्व कप सुपर आठ मुकाबले में भारत को 76 रन से हराया। अब भारत को अगले दोनों मैच जीतने होंगे लिहाजा टीम प्रबंधन को अभिषेक शर्मा (चार मैचों में 15 रन) और तिलक वर्मा (पांच मैचों में 107 रन) के प्रदर्शन पर विचार करना होगा।
रिंकू सिंह भी फिनिशर की भूमिका नहीं निभा सके हैं और 29 गेंदों में 82.75 की स्ट्राइक रेट से 24 रन बनाये हैं। वहीं टेन डोइशे ने स्वीकार किया कि टीम में बैकअप में विशेषज्ञ बल्लेबाजों का अभाव चिंता का विषय है।
भारत के सहायक कोच रियान टेन डोइशे ने बताया, "क्या आप उन्हीं खिलाड़ियों के साथ बने रहेंगे जिन्होंने पिछले 18 महीनों में शानदार प्रदर्शन किया है और अब शायद कुछ रन कम बना पा रहे हैं? या फिर हम बदलाव करके संजू को टीम में शामिल करें जो एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं और जाहिर तौर पर बल्लेबाजी क्रम में शीर्ष पर दाएं हाथ के बल्लेबाज के होने से रणनीतिक रूप से भी मदद करते हैं... मुझे यकीन है कि (सैमसन को टीम में शामिल करना) अगले कुछ दिनों में इन दो बेहद महत्वपूर्ण मैचों (जिम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज) से पहले चर्चा होगी।"