New Delhi: भारतीय निशानेबाजी के दिग्गज अभिनव बिंद्रा ने सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के एथलीट आयोग के उपाध्यक्ष के रूप में अपने आठ साल के कार्यकाल के अंत का ऐलान कर दिया। उन्होंने अपने कार्यकाल को अपने खेल करियर के सबसे सार्थक अध्यायों में से एक बताया।
43 वर्षीय बिंद्रा 2008 बीजिंग ओलंपिक खेलों में भारत के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बने थे। उनकी जगह केन्याई रग्बी खिलाड़ी हम्फ्री कायंगे को आयोग में नियुक्त किया गया है। इस आयोग का पुनर्गठन इटली में चल रहे शीतकालीन ओलंपिक के दौरान किया गया था।
बिंद्रा ने कहा कि "दुनिया भर के एथलीटों की सेवा करना खेल जगत में मेरी यात्रा के सबसे सार्थक अध्यायों में से एक रहा है। उनकी आवाज़, उनकी चिंताओं, उनकी आशाओं और उनके सपनों को संजोने का दायित्व मैंने कभी हल्के में नहीं लिया।
बिंद्रा ने 'X' पर पोस्ट किया कि "हर बातचीत, हर निर्णय, हर बैठक में एक ही सरल विश्वास का मार्गदर्शन रहा कि एथलीट हमेशा ओलंपिक आंदोलन के केंद्र में रहने चाहिए" अपने सहयोगियों को असाधारण बताते हुए बिंद्रा ने कहा कि उनमें से प्रत्येक ने एथलीट प्रतिनिधित्व को मजबूत करने और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि उनकी आवाज़ सुनी और सम्मानित की जाए।
उन्होंने कहा कि "मैंने जो कुछ बनाया है उस पर मुझे गहरा गर्व है और भविष्य के लिए आशावाद है। एथलीट प्रतिनिधित्व का भविष्य मजबूत है क्योंकि यह साहसी, विचारशील और भावुक व्यक्तियों द्वारा संचालित है जो स्वयं से बड़े किसी उद्देश्य में विश्वास करते हैं"
19 सदस्यीय आईओसी एथलीट आयोग के सदस्य विभिन्न गतिविधियों में शामिल हैं, जिनमें ओलंपिक के लिए उम्मीदवार शहरों का मूल्यांकन, खेलों के आयोजन की निगरानी, डोपिंग के खिलाफ लड़ाई और महिलाओं के लिए प्रशिक्षण और शिक्षा परियोजनाओं का विकास शामिल है।