मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम अपनी 49वीं पाती लिखकर दीपोत्सव का संदेश दिया है। उन्होंने सभी लोगों को दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए परिवार और मित्रों के साथ अयोध्या आने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा है कि प्रदेशवासी प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या पहुंचकर वहां आयोजित होने वाले दसवें भव्य और दिव्य दीपोत्सव की अलौकिक छटा के साक्षी बनें।
मुख्यमंत्री ने अपनी पाती में कहा कि सप्तपुरियों में श्रेष्ठ श्री अयोध्या धाम अपने दसवें भव्य दीपोत्सव के स्वागत के लिए पुलकित है। प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति से जुड़ा यह पर्व सनातन चेतना के पुनर्जागरण और सांस्कृतिक गौरव का महापर्व है। दीपोत्सव से हमारा सनातन संबंध केवल परंपराओं से नहीं, बल्कि जीवन-मूल्यों से भी जुड़ा हुआ है।
भरत जी के त्याग और समर्पण से लें प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम के वनवास के दौरान भरत जी ने 14 वर्षों तक राजसुख का त्याग किया और भगवान श्रीराम की चरण पादुकाओं को सिंहासन पर प्रतिष्ठित रखा। भरत जी का यह त्याग और समर्पण हमें सिखाता है कि सत्ता का वास्तविक अर्थ अधिकार नहीं, बल्कि दायित्व है।
उन्होंने कहा कि दीपोत्सव त्याग, मर्यादा और समर्पण की इसी भावना को विश्वपटल पर प्रतिष्ठित कर रहा है। मां सरयू के तट पर सजी दीपमाला और राम की पैड़ी पर लाखों दीपों की जगमगाहट से अयोध्या में ऐसा दृश्य बनता है, मानो धरती पर आकाशगंगा उतर आई हो।
आस्था के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मिल रहा बढ़ावा
सीएम योगी ने कहा कि दीपोत्सव केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह आस्था और अर्थव्यवस्था का भी संगम है। इस आयोजन से कुम्हारों, पुष्प विक्रेताओं, होटल व्यवसायियों और स्थानीय व्यापारियों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर बढ़ते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने आस्था और जनभागीदारी को विकास की शक्ति बनाकर उत्सव प्रदेश के रूप में अपनी नई पहचान स्थापित की है। प्रकाश से सुरक्षा, सुरक्षा से निवेश, निवेश से विकास और विकास से रोजगार एवं सुख-समृद्धि का रास्ता तैयार होता है। जहां प्रकाश है, वहां सुरक्षा है। जहां सुरक्षा है, वहां निवेश के अवसर हैं। जहां निवेश है, वहां विकास है और जहां विकास है, वहां रोजगार और समृद्धि है। इसी समृद्धि से उत्सव और उत्सव से उत्सव प्रदेश का निर्माण हो रहा है।
वंचित परिवारों की दीपावली रोशन करने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि अपनी सामर्थ्य के अनुसार वंचित परिवारों को दीये, मिठाइयां और नए वस्त्र भेंट करें। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की दीपावली रोशन करना ही दीपोत्सव की सच्ची भावना है।
उन्होंने युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा से जुड़ने और नकारात्मकता से दूर रहने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा दीपक के प्रकाश की तरह अपने जीवन में सकारात्मकता फैलाएं। साथ ही उन्होंने लोगों से स्थानीय कारीगरों के बनाए मिट्टी के दीये और अन्य स्वदेशी उत्पाद खरीदने की अपील की, ताकि उनके परिश्रम को प्रोत्साहन मिले और उनके परिवारों के जीवन में खुशहाली आए।