Breaking News

पंजाब: दो मौजूदा और एक पूर्व विधायक आज बीजेपी में होंगे शामिल     |   UP के कुशीनगर में कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 5 की मौत     |   'मेरे खिलाफ ED के इस्तेमाल का दबाव', प्रियंक खड़गे का केंद्र पर आरोप     |   MP: देवास में अवैध शराब से भरे ट्रक ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी को कुचला     |   लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठाकर लूटते थे, नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 4 बदमाशों को दबोचा, 2 को लगी गोली     |  

गोरखपुर को मिली 495 करोड़ के गोड़धोइया नाला फेज-1 की सौगात, सीएम योगी बोले- सपा माफिया पार्टी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने बिछिया पुल के पास 495 करोड़ रुपये की लागत से तैयार गोड़धोइया नाला परियोजना के पहले चरण का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 880 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली दूसरे चरण की परियोजना, सीवरेज योजना और समानांतर सर्विस रोड का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से गोरखपुर के 17 वार्डों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और करीब ढाई से तीन लाख की आबादी को सीधा लाभ पहुंचेगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा माफिया प्रवृत्ति की पार्टी है। उसे जब भी मौका मिलता है, वह गरीबों और व्यापारियों की जमीन पर कब्जा करने निकल पड़ती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, उसी तरह सपाई भी कभी सीधे नहीं हो सकते।

माफिया और मच्छर के आतंक से मुक्त हुआ गोरखपुर

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले गोरखपुर में जाम, गंदगी, जलभराव और माफिया-मच्छर का आतंक था। सपा सरकार के समय माफियाओं के डर से लोग अपनी संपत्ति तक बचा नहीं पाते थे। उन्होंने जेल बाईपास रोड और आर्यनगर की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय प्रतिष्ठित परिवारों को अपनी जमीन बचाने के लिए अपनी हवेलियां तक गिरानी पड़ी थीं।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम हो रहा है। अब किसी गरीब, व्यापारी या सम्मानित नागरिक की संपत्ति पर कब्जा करने से पहले अपराधियों को कई बार सोचना पड़ता है। बेटियों की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राह चलती बेटियों के साथ छेड़खानी करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम का रास्ता तय है।

बिना मकान तोड़े तैयार हुआ 7.75 किलोमीटर लंबा नाला

मुख्यमंत्री ने बताया कि गोड़धोइया नाला परियोजना के तहत करीब 7 किलोमीटर 750 मीटर लंबा और चौड़ा आरसीसी नाला तैयार किया गया है। निर्माण के दौरान अवैध कब्जे हटाए गए, लेकिन पहले से बने मकानों को नुकसान नहीं पहुंचाया गया। नाले के दोनों ओर सीवर लाइन बिछाई गई है। अब सीवेज का पानी ट्रीटमेंट के बाद ही रामगढ़ ताल में पहुंचेगा, जिससे ताल की स्वच्छता और सुंदरता बनी रहेगी।

उन्होंने बताया कि नाले के दोनों ओर सड़क और वृक्षारोपण भी किया जाएगा। धर्मशाला बाजार से सुमेर सागर तक जाने वाले नाले को भी पक्का आरसीसी नाला बनाने के लिए नगर निगम को धनराशि स्वीकृत की गई है।

17 वार्डों के लाखों लोगों को मिलेगी राहत

पहले चरण में करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से आरसीसी नाले के साथ 17.5 किलोमीटर इंटरसेप्टिंग ट्रंक सीवर लाइन, 38 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 61 एमएलडी का मेन पंपिंग स्टेशन और 14 ब्रिज कल्वर्ट बनाए गए हैं।

दूसरे चरण में करीब 794 करोड़ रुपये की लागत से 17 वार्डों के कैचमेंट एरिया में 342 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा 45 हजार सीवर कनेक्शन और 27 एमएलडी तथा 37.5 एमएलडी क्षमता के दो इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इससे रेलवे कॉलोनी बिछिया, शाहपुर, सेमरा, बशारतपुर, राप्तीनगर और रामजानकी नगर सहित उत्तरी गोरखपुर के लोगों को राहत मिलेगी।

गोरखपुर में तेजी से बढ़ रहे रोजगार और निवेश के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गोरखपुर की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। पहले लोग रामगढ़ ताल की तरफ जाने से भी बचते थे, लेकिन अब यह शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। उन्होंने सांसद रवि किशन का जिक्र करते हुए कहा कि मुंबई से आकर उन्होंने भी गोरखपुर में रामगढ़ ताल के किनारे अपना ठिकाना बना लिया है।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर में फोरलेन कनेक्टिविटी, फर्टिलाइजर कारखाना, एम्स, बीआरडी मेडिकल कॉलेज, चार विश्वविद्यालय, सैनिक स्कूल, आयुष विश्वविद्यालय और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क जैसी सुविधाएं विकसित हुई हैं। गीडा में पिछले 10 वर्षों में करीब 50 हजार युवाओं को नौकरी और रोजगार मिला है। यहां चीनी मिल, डिस्टिलरी, डेयरी, इथेनॉल प्लांट, स्टील प्लांट और सीमेंट फैक्ट्री जैसे उद्योग भी स्थापित हो रहे हैं।

दीपावली पर शहीदों के नाम जलाएं एक दीया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को दीपावली और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि दीपावली पर अपने घर में जलने वाले दीपों के साथ देश के अमर बलिदानियों और सीमा पर तैनात वीर जवानों के सम्मान में भी एक दीया जरूर जलाएं।

उन्होंने स्थानीय कारीगरों, कुम्हारों और हस्तशिल्पियों को प्रोत्साहित करने के लिए मिट्टी के दीये और स्वदेशी उत्पाद खरीदने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वोकल फॉर लोकल के मंत्र को अपनाकर स्थानीय लोगों के जीवन में खुशहाली लाई जा सकती है।

प्रभावित किसानों को विशेष मुआवजा पैकेज देगी सरकार

हाल ही में चक्रवात, असमय बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को समय पर फसलों के नुकसान का सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए सरकार विशेष मुआवजा पैकेज उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों को आवास, उज्ज्वला कनेक्शन और आयुष्मान भारत जैसी सुविधाएं दे रही है। वहीं युवा स्टार्टअप के माध्यम से जॉब सीकर के बजाय जॉब क्रिएटर बन रहे हैं।

सालाना नौ लाख यूनिट बिजली की हो रही बचत

कार्यक्रम में दिखाई गई लघु फिल्म के अनुसार, गोड़धोइया नाला स्थित एसटीपी में आधुनिक टर्बो ब्लोअर लगाए गए हैं, जिनसे हर साल करीब नौ लाख यूनिट बिजली की बचत हो रही है। नाले से प्रति सेकंड 42 हजार लीटर वर्षा जल की निकासी हो रही है।

वहीं, अमृत योजना के तहत 262 किलोमीटर पेयजल पाइपलाइन और 50 हजार से अधिक घरेलू कनेक्शन का काम पूरा हो चुका है। अमृत-2 के तहत करीब सवा दो लाख लोगों को पेयजल सुविधा देने के लिए काम शुरू किया गया है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।