ग्रेटर नोएडा में चल रहे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) में इस बार उत्तर प्रदेश के पारंपरिक व्यंजन भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। देशी-विदेशी खरीदारों और आगंतुकों ने बनारस के पारंपरिक स्वाद का आनंद लिया। वाराणसी की लौंगलता और जौनपुर की इमरती की करीब 100-100 किलो बिक्री हो चुकी है। वहीं, तिरंगा बर्फी, चंदौली का काला चावल और बनारसी पान भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
लौंगलता और तिरंगा बर्फी की बढ़ी मांग
UPITS 2026 में वाराणसी की लौंगलता, तिरंगा बर्फी और बनारसी पान से जुड़े चार उद्यमियों ने अपने उत्पादों के काउंटर लगाए हैं। लौंगलता कारोबारी चंद्रबली यादव के मुताबिक, अब तक करीब 100 किलो से ज्यादा लौंगलता की बिक्री हो चुकी है। लोगों के रुझान को देखते हुए आने वाले दिनों में नए ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। वहीं, तिरंगा बर्फी के कारोबारी राजीव सिंह ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि ट्रेड शो में इतनी अधिक बिक्री होगी।
जौनपुर की इमरती की भी करीब 100 किलो बिक्री
जौनपुर की प्रसिद्ध इमरती भी ट्रेड शो में लोगों की पसंद बनी हुई है। कारोबारी आशीष गुप्ता के मुताबिक, अब तक करीब 100 किलो इमरती बिक चुकी है। मांग अधिक होने के कारण एक समय इमरती कम पड़ गई।
उन्होंने बताया कि ट्रेड शो में कारोबारियों के लिए व्यवस्थाएं अच्छी हैं और स्थानीय प्रशासन की ओर से भी सहयोग मिल रहा है। उनके मुताबिक, यहां नए ग्राहकों और कारोबारियों से संपर्क हुआ है, जिससे भविष्य में कारोबार बढ़ाने के अवसर मिल सकते हैं।
चंदौली के काला चावल और खीर का भी क्रेज
चंदौली का काला चावल और उससे तैयार की गई खीर भी आगंतुकों को पसंद आ रही है। कारोबारी रामाश्रय कुमार पाल ने बताया कि काला चावल की खेती गो-आधारित प्राकृतिक तरीके से की जाती है।
UPITS में अब तक करीब 75 किलो काला चावल की बिक्री हो चुकी है। उन्होंने बताया कि उत्पाद को लेकर लोगों में अच्छा रुझान देखने को मिल रहा है और आगे भी ऑर्डर मिलने की उम्मीद है।
लाइव काउंटर पर बनारसी पान का अलग अंदाज
ट्रेड शो में बनारसी पान का लाइव काउंटर भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। देशी-विदेशी कारोबारी और आगंतुक यहां बनारसी पान का स्वाद लेते नजर आ रहे हैं। एक ही मंच पर काशी और पूर्वांचल के अलग-अलग पारंपरिक व्यंजनों को प्रदर्शित किए जाने से कारोबारियों को नए ग्राहकों और बाजारों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
पहली बार एक जनपद-एक व्यंजन को मिला मंच
उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि इस वर्ष यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में पहली बार एक जनपद-एक व्यंजन (ODOP Food) के तहत विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजनों को भी प्रदर्शित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत उद्यमियों को निशुल्क काउंटर उपलब्ध कराया गया है। इससे स्थानीय व्यंजन बनाने वाले कारोबारियों को अपने उत्पाद सीधे बड़े बाजार, खरीदारों और उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।