Breaking News

दिल्ली लाल किला ब्लास्ट केस में NIA कोर्ट ने आरोपियों की कस्टडी 6 जुलाई तक बढ़ाई     |   दिल्ली मालवीय नगर अग्निकांड: फॉरेंसिक जांच के लिए FSL टीम आज फिर घटनास्थल जाएगी     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर हादसे के पीड़ितों से मुलाकात की     |   L&T तमिलनाडु में 18,600 करोड़ रुपये के 3 प्रोजेक्ट शुरू करेगी, MoU पर साइन किए     |   पंजाब सिविल सचिवालय और राज्य के धार्मिक स्थलों को बम की धमकी     |  

अमित शाह शिलांग दौरे पर, एनईसी के पूर्ण सत्र की करेंगे अध्यक्षता, पूर्वोत्तर के विकास से जुड़े मुद्दों पर करेंगे मंथन

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज मेघालय की राजधानी शिलांग में पूर्वोत्तर परिषद (NEC) के 73वें पूर्ण सत्र की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में पूर्वोत्तर राज्यों के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक में पर्यटन, कृषि, बागवानी, निवेश बढ़ाने, खेलों को प्रोत्साहन, सड़क और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास, संपर्क सुविधाओं तथा हथकरघा एवं हस्तशिल्प जैसे विषयों पर प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा दूध, अंडे, मछली और मांस के उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा।

बुधवार को हुई बैठक में बांस, अगरवुड (सुगंधित लकड़ी), अष्टलक्ष्मी दर्शन और अन्य प्रमुख योजनाओं पर चर्चा हुई थी। गुरुवार के सत्र में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उच्च स्तरीय समितियों द्वारा किए गए कार्यों और उनकी प्रगति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में पूर्वोत्तर निवेश शिखर सम्मेलन, युवाओं के लिए चल रही योजनाओं, पर्यटन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े प्रयासों की भी समीक्षा होगी। साथ ही पूर्वोत्तर विजन 2047 पर चर्चा की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य वर्ष 2047 तक पूर्वोत्तर क्षेत्र को आर्थिक विकास, बेहतर कनेक्टिविटी, नवाचार और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रमुख केंद्र बनाना है।

बैठक में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्वोत्तर के आठों राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्री, तथा केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। पूर्वोत्तर परिषद (NEC) की स्थापना वर्ष 1971 में की गई थी। यह पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास के लिए सर्वोच्च क्षेत्रीय योजना निकाय है और राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने तथा क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।