Breaking News

राज्यसभा चुनाव: सपा उम्मीदवार रामगोपाल यादव, धनराज परिमल ने नामांकन किया     |   कर्नाटक: विजयपुरा में आया भूकंप, 3.5 रही तीव्रता     |   Asian Games: भारत को एक और गोल्ड, कंपाउंड मिक्स्ड टीम के निशानेबाजों ने साउथ कोरिया को हराया     |   एशियन गेम्स: महिला तीरंदाज टीम ने चीन को हराकर गोल्ड मेडल जीता     |   AI दिग्गजों से मिले ट्रंप, बैठक को बताया दोस्ताना और सफल     |  

'कोच साहब आपकी मुस्कान...' टी20 विश्व कप में जीत के बाद गंभीर की तारीफ में क्या बोले धोनी?

T20 WC Final: भारत की इतिहास रचने वाली टी20 विश्व कप जीत के बाद लगभग दो साल बाद महान क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी सोशल मीडिया पर फिर से सक्रिय हो गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर मुख्य कोच गौतम गंभीर को बताया कि उनके गंभीर चेहरे पर मुस्कान कितनी अच्छी लगती है। धोनी ने इंस्टाग्राम पर 2024 में आखिरी बार पोस्ट किया था।

उन्होंने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल देखने के बाद पोस्ट किया, ‘‘अहमदाबाद में इतिहास बना, टीम, सहयोगी स्टाफ और दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट टीम के सभी प्रशंसकों को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते हुए देखकर बहुत खुशी हुई।’’ 

फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से रौंदकर तीसरी बार खिताब जीता और ऐसा करने वाली पहली टीम बनी।

उन्होंने मुख्य कोच के अधिकतर गंभीर अंदाज में रहने का जिक्र करते हुए मजाक में कहा, ‘‘कोच साहब आपकी मुस्कान बहुत अच्छी लग रही है। मुस्कुराहट के साथ जज्बा शानदार है, बहुत अच्छा किया। दोस्तों मजे करो...बुमराह के बारे में कुछ नहीं लिखूं तो ही अच्छा है। चैंपियन गेंदबाज।’’

रविवार रात सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने अर्धशतक जड़कर भारत को पांच विकेट पर 255 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

इसके बाद बुमराह ने 15 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि अक्षर पटेल ने भी तीन विकेट हासिल करके भारत को आसान जीत दिलाने में मदद की। धोनी भारत के पहले टी20 विश्व कप विजेता कप्तान हैं। उनकी अगुआई में भारत ने 2007 में पहला टूर्नामेंट जीता था।

इसके बाद रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम ने 2024 में दूसरा खिताब जीता। रोहित भी रविवार को फाइनल के लिए स्टेडियम में मौजूद थे।