Breaking News

सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार पर लगाया 10 लाख का जुर्माना, जानें क्या है पूरा मामला     |   Asian Games 2026 : नीरू धांडा ने रचा इतिहास, महिला ट्रैप शूटिंग में जीता गोल्ड     |   बाजार खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम! सेंसेक्स 503 अंक टूटा, निफ्टी 151 अंक नीचे     |   एशियन गेम्स 2026 में भारत की महिला ट्रैप टीम को सिल्वर, नीरू धांडा ने फाइनल में बनाई जगह     |   दिव्या मित्तल का राजनीति में आने का ऐलान, कुछ दिन पहले IAS पद से दिया था इस्तीफा     |  

अमेरिकी सेना का ड्रग तस्करी करने वाली नौका पर हमला, दो लोग मारे गए

Washington DC: अमेरिकी सेना ने पूर्वी प्रशांत महासागर में ‘‘मादक पदार्थों को ले जा रही’’ एक और नौका पर हमला किया जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। अमेरिकी सेना ने यह जानकारी दी। लातिन अमेरिकी जलक्षेत्र में कथित रूप से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली नौकाओं को नष्ट करने का अमेरिकी अभियान सितंबर की शुरुआत से जारी है और इसमें अब तक कम से कम 183 लोगों की मौत हो चुकी है। अन्य हमले कैरेबियाई सागर में किए गए हैं।

सेना ने इस बात का कोई सबूत नहीं दिया है कि इनमें से किसी भी नौका पर मादक पदार्थ थे। ‘यूएस सदर्न कमांड’ ने शुक्रवार को किए हमले की जानकारी देते हुए अपने पहले के बयानों को दोहराया और कहा कि उसने ज्ञात तस्करी मार्गों पर कथित मादक पदार्थ तस्करों को निशाना बनाया। उसने ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया जिसमें एक नौका पानी में तैरती दिख रही है और इसके बाद विस्फोट से वह आग की लपटों में घिर जाती है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि लातिन अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों के साथ अमेरिका ‘‘सशस्त्र संघर्ष’’ कर रहा है। उन्होंने अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए इन हमलों को आवश्यक कदम बताया है। वहीं, आलोचकों ने नौकाओं पर किए जा रहे इन हमलों की वैधता पर सवाल उठाए हैं।