उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का पवेलियन पांच दिनों तक युवाओं के ज्ञान, करियर और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ने का केंद्र बना रहा। यहां पुस्तकों की प्रदर्शनी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सामग्री और प्रदेश के प्रमुख धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों की डिजिटल झलक युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
किताबों से मिली करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी
पवेलियन में भारतीय इतिहास, संस्कृति, राजनीतिक विज्ञान, उभरते भारत, उभरते उत्तर प्रदेश और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी किताबें प्रदर्शित की गईं। कई युवा किताबें लेकर वहीं बैठकर पढ़ते नजर आए, जबकि कुछ युवाओं ने पसंद आई पुस्तकों के प्रकाशकों की जानकारी अपने मोबाइल में दर्ज की।
उत्तर प्रदेश वार्षिकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच खास आकर्षण रही। सिकंदराबाद से आईं पीसीएस अभ्यर्थी निधि यादव ने बताया कि उनकी क्लासमेट ने उन्हें ट्रेड शो में उपलब्ध उत्तर प्रदेश वार्षिकी के बारे में बताया था। इसी पुस्तक को देखने और लेने के लिए वह विशेष रूप से यहां पहुंचीं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान उत्तर प्रदेश से जुड़े सामान्य ज्ञान की प्रमाणिक सामग्री उपयोगी रहती है।
इसके अलावा 'बनारस तेरे रंग हजार', 'योगी का राम राज्य', 'लोक आराधना की अभिव्यक्ति', 'तीर्थनामा अयोध्या', 'न्यू यूपी फॉर ए न्यू इंडिया' और 'विकसित यूपी विकसित भारत' जैसी पुस्तकों में भी युवाओं ने रुचि दिखाई।
सेल्फी जोन में युवाओं की लंबी कतार
पवेलियन का सेल्फी जोन भी युवाओं के बीच खास आकर्षण रहा। राम मंदिर अयोध्या, वाराणसी का नमो घाट, वृंदावन का प्रेम मंदिर और सारनाथ जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को बैकग्राउंड में चुनकर युवाओं ने सेल्फी ली।
इलेक्ट्रॉनिक ग्लोब के जरिए युवाओं और बच्चों को उभरते भारत और उभरते उत्तर प्रदेश की तस्वीर भी दिखाई गई। ग्लोब के साथ सेल्फी लेने के लिए भी युवाओं में खास उत्साह रहा। भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई युवाओं को अपनी बारी के लिए करीब आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा। सेल्फी लेने के बाद सूचना विभाग की ओर से उन्हें उपहार भी दिए गए।
पांच दिनों में सूचना विभाग का पवेलियन युवाओं को किताबों के जरिए ज्ञान, प्रतियोगी परीक्षाओं की सामग्री, प्रदेश की संस्कृति और डिजिटल माध्यम से विरासत से जुड़ने का अवसर देने वाला मंच बना। ट्रेड शो में युवाओं की मौजूदगी से यह भी सामने आया कि ज्ञान, करियर और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियां एक ही मंच पर मिलने पर उनमें काफी रुचि दिखाई देती है।