उत्तर प्रदेश सरकार के कैंपस इनोवेशन और करियर ड्राइव से जुड़े UP RISE 2026 कार्यक्रम का आयोजन मेरठ के एमआईईटी में किया गया। कार्यक्रम में छात्रों ने नवाचार, उद्यमिता और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर आधारित अपने आइडिया प्रस्तुत किए। टाइम्स नेटवर्क और जूम के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में करीब 1,650 लोगों ने पंजीकरण कराया। कार्यक्रम के दौरान Build for UP Pitch Finale में 12 छात्र टीमों ने विशेषज्ञों के सामने अपने आइडिया पेश किए। टीमों ने स्थानीय समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उनके व्यावहारिक समाधान बताए।
पेट्रो वाटर बनी विजेता
एमआईईटी में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों के लिए पंजीकरण और एक्टिवेशन जोन बनाए गए थे। सीएम-युवा योजना जागरूकता स्टॉल, स्कोरकार्ड गतिविधि और शक्ति जोन की स्टिकी-नोट दीवार ने छात्रों की भागीदारी बढ़ाई।
इसके बाद सभागार में Build for UP Pitch Finale आयोजित हुआ। 12 टीमों की प्रस्तुतियों का विशेषज्ञ सलाहकारों के पैनल ने मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में पेट्रो वाटर विजेता रही, जबकि न्यूरो ग्रिप रनर अप-1 और एग्री नोवा रनर अप-2 रही। विजेता टीम को मंच पर 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
मेंटर्स से छात्रों को मिला मार्गदर्शन
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश भाजपा की प्रदेश मंत्री महामेधा नागर मुख्य अतिथि रहीं। मेंटर पैनल में स्केलेबल कंज्यूमर इंटरनेट प्रोडक्ट्स और इनोवेशन के क्षेत्र के विशेषज्ञ हर्षित देसाई, डिजिटल मार्केटिंग और ई-कॉमर्स विशेषज्ञ जयराज जाधव और कंटेंट स्ट्रेटजी एवं फॉर्मेट क्रिएशन से जुड़ी क्रिएटिव प्रोड्यूसर बिपाशा सारंगी शामिल रहीं। मेंटर्स ने छात्रों को प्रोडक्ट डेवलपमेंट, डिजिटल बिजनेस, इनोवेशन और क्रिएटिव स्टोरीटेलिंग से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी।
युवाओं को स्टार्टअप और करियर से जोड़ने पर जोर
UP RISE 2026 के जरिए छात्रों को शिक्षा के साथ कौशल, रोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत युवाओं को अपने आइडिया प्रस्तुत करने और विशेषज्ञों से सीधे मार्गदर्शन लेने का अवसर मिल रहा है। इससे पहले यह अभियान कानपुर, आगरा, लखनऊ, रायबरेली, मथुरा, बरेली और सहारनपुर समेत कई शहरों में आयोजित किया जा चुका है।
डिजिटल माध्यम से करीब 2 लाख लोगों तक पहुंच
कार्यक्रम में करीब 1,650 लोगों ने पंजीकरण कराया। आयोजकों के अनुसार डिजिटल माध्यम से करीब 2 लाख और ऑफलाइन माध्यम से लगभग 8 हजार लोगों तक कार्यक्रम की पहुंच रही। कैंपस एंबेसडर सलोनी शर्मा, आदर्श शुक्ला और आस्था चौहान ने छात्र सहभागिता बढ़ाने में सहयोग किया। कार्यक्रम में UP RISE की ब्रांडिंग और प्रोडक्शन व्यवस्था के तहत स्टॉल, बैनर, साइनेज और एक्टिवेशन जोन तैयार किए गए थे।