Breaking News

PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |   अफगानिस्तान में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, 5.3 रही तीव्रता     |   मुंबई एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की क्षमता का बड़ा हिस्सा आज से नवी मुंबई एयरपोर्ट शिफ्ट होगा     |   आंध्र प्रदेश में नई एक्साइज शॉप पॉलिसी आज से लागू, शराब दुकानों की व्यवस्था बदलेगी     |   यूपी में बिना PUC सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, NCR में प्रदूषण 35% घटाने का लक्ष्य     |  

दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो फ्लाइट की राजकोट एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, कार्गो होल्ड में मिला धुएं का अलर्ट

सोमवार को दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को विमान के निचले कार्गो होल्ड में धुआं होने का अलर्ट मिलने के बाद गुजरात के राजकोट एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। विमान के पायलटों ने अलर्ट मिलते ही तुरंत कार्रवाई की और इमरजेंसी घोषित कर राजकोट एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग की अनुमति मांगी। एहतियात के तौर पर रनवे के पास फायर टेंडर और मेडिकल टीम समेत आपातकालीन सेवाओं को तैनात कर दिया गया।

विमान ने राजकोट एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल कार्गो होल्ड में धुएं का अलर्ट मिलने के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है।

राजकोट एयरपोर्ट के निदेशक दिगंता बोरा ने कहा, “दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट के कार्गो होल्ड में धुआं होने का पता चलने के बाद राजकोट एयरपोर्ट पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं।” उन्होंने बताया कि दोपहर 2:45 बजे फुल इमरजेंसी घोषित की गई और 3:27 बजे विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद सभी यात्रियों को विमान से उतार लिया गया। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।