Breaking News

PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |   अफगानिस्तान में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, 5.3 रही तीव्रता     |   मुंबई एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की क्षमता का बड़ा हिस्सा आज से नवी मुंबई एयरपोर्ट शिफ्ट होगा     |   आंध्र प्रदेश में नई एक्साइज शॉप पॉलिसी आज से लागू, शराब दुकानों की व्यवस्था बदलेगी     |   यूपी में बिना PUC सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, NCR में प्रदूषण 35% घटाने का लक्ष्य     |  

वीरता पदक पाकर बोले पुलिसकर्मी- तकनीक और आधुनिक संसाधनों से मजबूत हुई यूपी पुलिस

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में वीर पुलिसकर्मियों को विभिन्न वीरता पदकों से सम्मानित किया। सम्मान पाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसे अपने और परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया।

पुलिसकर्मियों ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश की पुलिसिंग में बदलाव आया है। आधुनिक संसाधनों और तकनीक के इस्तेमाल से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ी है। उन्होंने पुलिस सुधारों और अपराध के खिलाफ कार्रवाई के अपने अनुभव भी साझा किए।

अपराधियों में पुलिस का डर बढ़ा

हरदोई के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा को गैलेंट्री मेडल से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व का पल है। उनके मुताबिक पुलिसिंग में काफी बदलाव आया है और अपराधियों में पुलिस का डर बढ़ा है।

ऋतुल कुमार वर्मा को राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि करीब 15-16 वर्षों की सेवा के दौरान उन्होंने पुलिसिंग का बदलता स्वरूप देखा है और वर्तमान में पहले से बेहतर माहौल है।

मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान गौरव की बात

एसटीएफ वाराणसी यूनिट के इंस्पेक्टर अमित श्रीवास्तव को राष्ट्रपति वीरता पदक और मुख्यमंत्री वीरता पदक से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके और परिवार के लिए खुशी का क्षण है।

अमित श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस को काम करने की स्वतंत्रता मिलने और प्रभावी कार्रवाई का परिणाम है कि अपराध में कमी आई है और अपराधियों में भय का माहौल बना है।

संभल में सीओ के पद पर तैनात कुलदीप कुमार को राष्ट्रपति वीरता पदक मिला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान मिलना उनके लिए गौरव की बात है। पुलिस ने समय के साथ खुद को बदला है और तकनीक का इस्तेमाल बढ़ा है।

जीरो टॉलरेंस नीति का दिख रहा असर

एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ के इंस्पेक्टर घनश्याम यादव को मुख्यमंत्री वीरता पदक से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि जिस मुख्यमंत्री को अब तक टीवी और अखबारों में देखते थे, उनके हाथों से पदक मिलना उनके लिए बेहद गर्व का क्षण है।

एसटीएफ में तैनात अंगद सिंह यादव को गैलेंट्री पदक मिला। उन्होंने कहा कि अच्छे कार्य के लिए मिला यह सम्मान उनके और परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

पुलिस कार्रवाई से जनता में बढ़ा सुरक्षा का भरोसा

मुख्यमंत्री वीरता पदक से सम्मानित धर्मेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में डर और जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने बताया कि पुलिस सुधारों के साथ पुलिसकर्मियों के आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं में भी सुधार किया गया है।

उपनिरीक्षक अजय वर्मा को भी मुख्यमंत्री वीरता पदक से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक संसाधनों के आने से पुलिसिंग बेहतर हुई है और पुलिसकर्मी अधिक प्रभावी ढंग से अपना काम कर पा रहे हैं।