Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

मन की बात में पीएम मोदी ने की पंजाब की प्राकृतिक खेती और उत्तराखंड की नदी बचाने की पहल की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड में देश के आम नागरिकों के प्रयासों और उनकी उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने पंजाब में प्राकृतिक खेती, महिलाओं को पारंपरिक बुनाई से जोड़ने और उत्तराखंड में नदी संरक्षण के लिए चलाए जा रहे अभियानों का उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ आम लोगों की मेहनत, साहस, समर्पण और सेवा भावना को जानने तथा उनके योगदान को सम्मान देने का एक माध्यम है। विजयादशमी के अवसर पर 12 साल पहले शुरू हुआ यह कार्यक्रम लगातार जारी है और श्रोताओं ने इस यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत में सदियों से तीर्थयात्रा की परंपरा रही है। उनके लिए ‘मन की बात’ भी देश के लोगों के प्रयासों को करीब से समझने और उनके योगदान को नमन करने की यात्रा है।

पंजाब में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही ‘नव-त्रिंजन’ पहल

प्रधानमंत्री ने पंजाब के मालवा क्षेत्र में प्राकृतिक खेती और पारंपरिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए चल रही ‘नव-त्रिंजन’ पहल का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि ‘खेती विरासत मिशन’ नामक संगठन ने जैविक खेती और पारंपरिक कृषि तरीकों को फिर से बढ़ावा देने का काम शुरू किया।

इस पहल के तहत मालवा क्षेत्र में बिना रासायनिक पदार्थों के जैविक कपास उगाई जा रही है। इसके साथ ही प्राकृतिक रंगों वाली कपास की खेती भी की जा रही है। पीएम मोदी ने कहा कि इस तरह के प्रयास पारंपरिक ज्ञान को आज की जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ाने में मदद करते हैं।

बुनाई स्कूल से महिलाओं को मिल रहा अवसर

पीएम मोदी ने बताया कि ‘नव-त्रिंजन’ पहल के तहत कुछ साल पहले बुनाई स्कूल भी शुरू किया गया। इसका उद्देश्य पारंपरिक बुनाई की कला को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि इस स्कूल ने कई महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। पारंपरिक हुनर को बढ़ावा देने से महिलाओं को अपनी कला सीखने और उसे आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।

उत्तराखंड में सामुदायिक प्रयासों से फिर जीवंत हुई हेवल नदी

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल क्षेत्र में हेवल नदी को बचाने के लिए स्थानीय लोगों और प्रशासन की ओर से किए गए प्रयासों की भी सराहना की।

उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले नदी का जलस्तर घटने लगा था और आसपास के प्राकृतिक जलस्रोत भी सूख रहे थे। इसके बाद स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने मिलकर नदी को बचाने के लिए अभियान शुरू किया।

इस अभियान के तहत वर्षा जल संरक्षण, भूजल स्तर बढ़ाने और बड़े पैमाने पर पौधरोपण जैसे कदम उठाए गए। पीएम मोदी के अनुसार, इन प्रयासों से हेवल नदी को फिर से जीवंत करने में मदद मिली और दर्जनों प्राकृतिक जलस्रोत भी दोबारा बहाल हुए।

भाजपा नेताओं ने भी सुना ‘मन की बात’ कार्यक्रम

‘मन की बात’ के इस एपिसोड को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा समेत भाजपा के अन्य नेताओं ने भी सुना।