Breaking News

पहले ऑयल कंपनी, फिर प्लाईवुड और कूरियर... नवी मुंबई के वाशी में रात दो बजे तक धधकती रही भीषण आग     |   राइजिंग स्टार्स एशिया कप: पाकिस्तान ने भारत को 48 रन से हराया     |   UP सरकार 23 से 26 नवंबर तक लखनऊ में चार दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव आयोजित करेगी     |   सऊदी की राबिग ऑयल रिफाइनरी पर हमला, यमन के हूतियों का दावा     |   शिखरजी यात्रा से लौट रहे यात्रियों की बस पेड़ से टकराई, 2 की मौत, 12 से ज्यादा घायल     |  

सबरीमाला यात्रा के दौरान पंबा नदी में कचरा फेंकने पर 5 हजार रुपये तक जुर्माना

केरल के सबरीमाला में मंडला-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा के दौरान पंबा नदी और उसके आसपास सफाई बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। नदी, उसकी सहायक धाराओं और स्नान घाटों पर पुराने कपड़े, वस्त्र, निजी सामान और अन्य कचरा फेंकने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। नियम तोड़ने वालों से मौके पर ही 5,000 रुपये तक का जुर्माना वसूला जाएगा।

सबरीमाला के एडीएम दिलीप के. कैनिक्कारा ने पंबा नदी और उसके स्नान घाटों को प्रदूषण से बचाने के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। इसके तहत नदी में, किनारों पर और सार्वजनिक स्थानों पर प्लास्टिक, ठोस कचरा और जैविक अपशिष्ट डालना भी प्रतिबंधित रहेगा।

नियम तोड़ने पर होगी कानूनी कार्रवाई

प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 और केरलम पंचायत राज अधिनियम के तहत यह आदेश लागू किया है। नदी में गंदगी फैलाने या प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों पर 5,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। यदि कोई व्यक्ति 15 दिनों के भीतर जुर्माने की राशि जमा नहीं करता है, तो उसके खिलाफ अभियोजन सहित सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए जरूरी है नदी की सफाई

पंबा नदी पंबा, निलक्कल और सन्निधानम में रहने वाले लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए पीने के पानी का प्रमुख स्रोत है। ऐसे में नदी में कचरा डालने से पानी दूषित होने का खतरा बढ़ जाता है।

अधिकारियों ने यह भी चिंता जताई है कि नदी के प्रदूषित होने से जलजनित बीमारियां फैल सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए तीर्थयात्रा के दौरान सफाई व्यवस्था को सख्ती से लागू करने का फैसला लिया गया है।

नदी किनारे और स्नान घाटों पर होगी निगरानी

आदेश को प्रभावी बनाने के लिए पंबा ड्यूटी मजिस्ट्रेट, पंबा पुलिस के विशेष अधिकारी और रन्नी-पेरुनाड ग्राम पंचायत के सचिव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये अधिकारी नदी के किनारों और स्नान घाटों पर निरीक्षण करेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूलने की कार्रवाई भी की जाएगी।

प्रशासन ने निर्देश दिया है कि जुर्माने से मिलने वाली पूरी राशि रन्नी-पेरुनाड ग्राम पंचायत के फंड में जमा की जाए। इस रकम का इस्तेमाल केवल सबरीमाला और पंबा क्षेत्र में सफाई, कचरा प्रबंधन और नदी को स्वच्छ बनाने के कामों में किया जाएगा। यह प्रतिबंधात्मक आदेश 22 नवंबर से अगले दो महीने तक प्रभावी रहेगा।