उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दिव्यांग बच्चों के विकास, देखभाल और पुनर्वास के लिए चित्रकूट में बचपन डे केयर सेंटर बनाने की मंजूरी दी है। सेंटर के भवन निर्माण पर कुल 5 करोड़ 62 लाख 82 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्माण कार्य शुरू करने के लिए सरकार ने 3 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी कर दी है।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से इस परियोजना को प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति दी गई है। सेंटर बनने से जिले में दिव्यांग बच्चों की देखभाल, विकास और पुनर्वास के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मूल्यांकन समिति की संस्तुति के आधार पर बचपन डे केयर सेंटर के भवन निर्माण की कुल लागत 562.82 लाख रुपये तय की गई है। शासन ने निर्माण कार्य के लिए पहली किश्त के रूप में 3 करोड़ रुपये जारी किए हैं। शेष धनराशि का खर्च निर्धारित वित्तीय नियमों और जरूरत के अनुसार किश्तों में किया जाएगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि सेंटर का निर्माण सक्षम स्तर से तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद ही शुरू किया जाएगा। निर्माण के दौरान तय गुणवत्ता, मानकों और तकनीकी विशिष्टियों का पालन करना अनिवार्य होगा। इसकी जिम्मेदारी दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग और कार्यदायी संस्था की होगी।
निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक वैधानिक अनापत्तियां और पर्यावरणीय मंजूरियां प्राप्त करनी होंगी। इससे परियोजना को निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार पूरा करने में मदद मिलेगी।
इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव राकेश कुमार यादव ने निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग को आधिकारिक स्वीकृति पत्र जारी किया है। सरकार का लक्ष्य दिव्यांग बच्चों के कल्याण और पुनर्वास के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित करना है।