Breaking News

'सीटों से ज्यादा गठबंधन जरूरी', सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा बयान     |   उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी की स्क्रीनिंग परीक्षा जारी     |   इंडोनेशिया में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, 5.2 रही तीव्रता; 10 किमी गहराई में था केंद्र     |   आज से शुरू होगा विश्व अंतरिक्ष सप्ताह, 10 अक्टूबर तक होंगे स्पेस से जुड़े कार्यक्रम     |   मुंबई में उद्धव-राज ठाकरे के संयुक्त मार्च में कांग्रेस और NCP (SP) भी शामिल होगी     |  

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड: मुंबई से जुड़ा जालंधर का तार, चौथे आरोपित जीशान अख्तर की हुई पहचान

Punjab: मुंबई पुलिस ने सोमवार को बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में शामिल चौथे आरोपित की पहचान कर ली है, उसके खिलाफ नौ जघन्य अपराध के मामले दर्ज हैं। पुलिस उसे भी गिरफ्तार करने में जुटी है। आरोपित मोहम्मद जीशान अख्तर पंजाब के जालंधर का रहने वाला है और दो साल पहले जेल में रह चुका है।

जालंधर के डीएसपी सुखपाल सिंह ने मीडिया को बताया, "मोहम्मद जीशान अख्तर के खिलाफ 2022 में एफआईआर दर्ज की गई थी। उसे जुलाई, 2022 में जालंधर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वो जून, 2024 तक जेल में था।" उन्होंने कहा कि जीशान अपनी रिहाई के बाद जालंधर नहीं लौटा।

पुलिस ने कहा, "उसके खिलाफ कुल नौ जघन्य अपराध के मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती और स्नैचिंग शामिल हैं।" उन्होंने बताया कि हरियाणा के कैथल में भी उसके खिलाफ दो मामले दर्ज हैं।

जीशान के पड़ोसियों ने दावा किया कि बाबा सिद्दीकी की हत्या से पहले परिवार गांव से चला गया था। एक पड़ोसी ने बताया, "पुलिस यहां आई और पूछा कि क्या हमारे पास उसके पिता का टेलीफोन नंबर है, हमारे पास परिवार के सदस्यों का कोई नंबर नहीं है।" उन्होंने कहा कि जीशान की बहन और मां का निधन हो चुका है और वो अपने पिता और भाई के साथ रहता था।

एक और पड़ोसी ने कहा, "मैंने यहां परिवार को नहीं देखा है। जेल से रिहा होने के बाद वह यहां नहीं आया। परिवार भी चला गया। उन्हें गए हुए शायद 10-15 दिन हो गए हैं।" मुंबई पुलिस ने बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें प्रवीण लोनकर (28), गुरमेल सिंह (23) और धर्मराज कश्यप शामिल हैं। पांचवां आरोपित शिवकुमार गौतम भी फरार है।