Breaking News

PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |   अफगानिस्तान में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, 5.3 रही तीव्रता     |   मुंबई एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की क्षमता का बड़ा हिस्सा आज से नवी मुंबई एयरपोर्ट शिफ्ट होगा     |   आंध्र प्रदेश में नई एक्साइज शॉप पॉलिसी आज से लागू, शराब दुकानों की व्यवस्था बदलेगी     |   यूपी में बिना PUC सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, NCR में प्रदूषण 35% घटाने का लक्ष्य     |  

चंबा मेडिकल कॉलेज में 40 स्टाफ नर्सों की होगी नियुक्ति, नई MRI और CT स्कैन मशीन लगाने का ऐलान

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को चंबा मेडिकल कॉलेज के फैकल्टी और छात्रों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए उनके सुझाव सुने। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबा मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी की कमी दूर करने के लिए जरूरत के अनुसार नियमों में ढील दी जाएगी। उन्होंने कॉलेज में नई एक्स-रे मशीन, लैप्रोस्कोपिक उपकरण, CT स्कैन मशीन और AIIMS दिल्ली की तर्ज पर आधुनिक 3-टेस्ला MRI मशीन लगाने की घोषणा की।

उन्होंने मेडिकल कॉलेज में जल्द से जल्द 20 ICU बेड शुरू करने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। फैकल्टी पूरी होने के बाद कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू करने की संभावना भी तलाशने की बात कही। सुक्खू ने कहा कि अगले 10 दिनों में चंबा मेडिकल कॉलेज में 40 स्टाफ नर्सों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए रेडियोग्राफर और अन्य तकनीकी कर्मचारियों की भी नियुक्ति की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार डॉक्टरों को विदेश में ट्रेनिंग और एक्सपोजर विजिट पर भेजने की योजना पर भी काम कर रही है। इससे डॉक्टरों को दूसरे देशों की आधुनिक चिकित्सा तकनीक सीखने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए करीब 3,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य इस साल के अंत तक राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सुक्खू ने बताया कि चंबा मेडिकल कॉलेज में पहले ही कार्डियोलॉजी विभाग शुरू किया जा चुका है। इसके अलावा 23 सीनियर रेजिडेंट और 28 पोस्ट ग्रेजुएट पदों को मंजूरी दी गई है। चंबा में SR हॉस्टल के निर्माण के लिए 18.98 करोड़ रुपये भी जारी किए गए हैं।