महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बीते मंगलवार को 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया। ये फिल्म मशहूर सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की जिंदगी और 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद चली कानूनी लड़ाई पर आधारित है। ट्रेलर को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस में लॉन्च किया गया। ये उन जगहों में से एक है जहां 26 नवंबर, 2008 को पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल कसाब और उसके साथियों ने हमला किया था।
इस मौके पर उज्जवल निकम (जो अब बीजेपी के राज्यसभा सांसद हैं), फिल्म में उनका किरदार निभाने वाले अभिनेता राजकुमार राव, मैडॉक फिल्म्स के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर और 2008 के आतंकी हमलों में शहीद हुए पुलिसकर्मियों का परिवार और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। ट्रेलर लॉन्च के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "ये सिर्फ मनोरंजन की बात नहीं है, बल्कि एक संदेश देने वाली फिल्म है।" इस कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री ने आतंकवादियों से लड़ने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मियों समेत शहीद पुलिसकर्मियों के परिवार को भी सम्मानित किया। ये फिल्म 16 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है।