Bhooth Bangla Collection: अक्षय कुमार की फिल्म 'भूत बंगला' ने रिलीज के पहले ही दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 21.60 करोड़ रुपये की कमाई की है। इस फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। 'भूत बंगला' में वामिका गब्बी, परेश रावल और तब्बू भी अहम किरदार में हैं।
इसे बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड की 'बालाजी मोशन पिक्चर्स' ने 'केप ऑफ गुड फिल्म्स' के साथ मिलकर प्रस्तुत किया है। फिल्म के निर्माता अक्षय कुमार के साथ-साथ शोभा कपूर और एकता आर. कपूर हैं। अभिनेत्री वामिका ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट के जरिए बॉक्स ऑफिस पर कमाई के आंकड़े शेयर किए।
उन्होंने कैप्शन में लिखा, "बॉक्स ऑफिस कलेक्शन भी उतना ही जबरदस्त हैं, जितनी कि 'बंगला' के अंदर की हंसी। #BhoothBangla अब सिनेमाघरों में, अपने टिकट बुक करें: लिंक बायो में है।" इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई तस्वीर पर लिखा था- "इस सीजन की #1 फैमिली एंटरटेनर! 21.60 करोड़ जीबीओसी इंडिया। अब सिनेमाघरों में।"
इस फिल्म से अक्षय कुमार और फिल्ममेकर प्रियदर्शन 15 साल बाद दोबारा साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले "हेरा फेरी", "गरम मसाला", "भूल भुलैया" और "भागम भाग" जैसी हिट कॉमेडी में दोनों साथ काम कर चुके हैं। दोनों की आखिरी फिल्म 2010 में "खट्टा मीठा" थी।
अक्षय कुमार प्रियदर्शन की आगामी फिल्म 'हैवान' में भी अभिनय करते नजर आएंगे। इसमें सैफ अली खान भी दिखाई देंगे।