AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच अभिनेत्री यामी गौतम ने मीडिया से उनकी तस्वीरों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए बदलाव न करने की अपील की है। यामी ने कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में ली गई उनकी तस्वीरों को बिना उनकी जानकारी और सहमति के AI से बदलना या बेहतर दिखाने के लिए एडिट नहीं किया जाना चाहिए।
यामी गौतम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए मीडिया से उनकी तस्वीरों को ओरिजिनल फॉर्म में इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने लिखा, “मीडिया से एक विनम्र अनुरोध। कृपया सार्वजनिक कार्यक्रमों में ली गई मेरी तस्वीरों को AI के जरिए बदलने या बेहतर बनाने से बचें। कृपया तस्वीरों का इस्तेमाल उनके मूल रूप में ही करें।”
अभिनेत्री ने आगे कहा कि AI की मदद से किसी व्यक्ति की तस्वीर या उसके रूप में बदलाव या हेरफेर उसकी जानकारी और सहमति के बिना नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने मीडिया से उनकी इस अपील का सम्मान करने के लिए धन्यवाद भी कहा।
Jr NTR के बाद यामी ने उठाई आवाज
यामी का यह बयान अभिनेता जूनियर एनटीआर द्वारा AI से एडिट किए गए वीडियो क्लिप्स पर आपत्ति जताने के एक दिन बाद आया है। जूनियर एनटीआर ने अपनी फिल्म ‘Devara’ के गाने ‘Chuttamalle’ से जुड़े AI-टैम्पर्ड वीडियो क्लिप्स को लेकर प्रतिक्रिया दी थी, जिसमें जान्हवी कपूर भी नजर आई थीं। हालांकि, यामी गौतम ने अपने पोस्ट में किसी खास घटना का जिक्र नहीं किया।
‘Nayyi Navelli’ में नए अंदाज में नजर आएंगी यामी
वर्कफ्रंट की बात करें तो यामी गौतम जल्द ही फिल्म ‘Nayyi Navelli’ में नजर आएंगी। फिल्म 16 अक्टूबर को दशहरा से पहले सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में यामी मोहिनी का किरदार निभा रही हैं, जो अवस्थी परिवार की नई बहू है। शादी के बाद नए घर में खुद को ढालने की कहानी आगे चलकर परिवार और मोहिनी से जुड़े कई रहस्यों की ओर मुड़ती है। फिल्म में फैंटेसी, कॉमेडी और एक्शन के साथ पारिवारिक कहानी देखने को मिलेगी।
फिल्म में अद्दिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवर, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी भी अहम भूमिकाओं में हैं। ‘Nayyi Navelli’ का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है और इसे आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने प्रोड्यूस किया है।