Breaking News

राज्यसभा चुनाव: सपा उम्मीदवार रामगोपाल यादव, धनराज परिमल ने नामांकन किया     |   कर्नाटक: विजयपुरा में आया भूकंप, 3.5 रही तीव्रता     |   Asian Games: भारत को एक और गोल्ड, कंपाउंड मिक्स्ड टीम के निशानेबाजों ने साउथ कोरिया को हराया     |   एशियन गेम्स: महिला तीरंदाज टीम ने चीन को हराकर गोल्ड मेडल जीता     |   AI दिग्गजों से मिले ट्रंप, बैठक को बताया दोस्ताना और सफल     |  

इंडिगो ने लंबी दूरी के उड़ान कार्यक्रम में किया बदलाव, 17 फरवरी से कोपनहेगन के लिए सेवा स्थगित

New Delhi: इंडिगो ने बुधवार को विदेशी परिचालन संबंधी बाधाओं के कारण अपने लंबी दूरी के उड़ान कार्यक्रम में बदलाव करने की घोषणा की। इसके तहत 17 फरवरी से कोपनहेगन (डेनमार्क) के लिए उड़ानों का संचालन स्थगित कर दिया जाएगा। इसके अलावा, एयरलाइन दिल्ली-लंदन हीथ्रो और दिल्ली-मैनचेस्टर मार्गों पर भी उड़ानों की संख्या में कटौती करेगी।

कंपनी ने बुधवार को बयान में कहा कि उसके बड़े आकार के विमानों को परिचालन से संबंधित बाहरी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इनमें भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण हवाई क्षेत्र की लगातार बदलती परिस्थितियां और भारत के साथ-साथ विदेशों में भी हवाई अड्डों पर अत्यधिक भीड़ जैसे कारण शामिल हैं। बयान के अनुसार, "इन कारकों के कारण उड़ानों के समय में काफी वृद्धि हुई है, जिससे लंबी दूरी के मार्गों पर संचालित होने वाले छह 787-9 विमानों का परिचालन कार्यक्रम प्रभावित हुआ है।"

नेटवर्क समायोजन के हिस्से के रूप में, एयरलाइन 17 फरवरी से अगले आदेश तक कोपनहेगन के लिए उड़ानों को निलंबित रखेगी। दिल्ली-मैनचेस्टर मार्ग पर सात फरवरी से उड़ानों की संख्या साप्ताहिक पांच से घटाकर चार कर दी जाएगी।

19 फरवरी से इस मार्ग पर उड़ानों की संख्या और कम कर साप्ताहिक तीन कर दी जाएगी। इसके अलावा, दिल्ली-लंदन हीथ्रो मार्ग पर भी उड़ानों की संख्या कम की जाएगी। वर्तमान शीतकालीन समय-सारणी के तहत नौ फरवरी से इस मार्ग पर उड़ानों की संख्या पांच से घटाकर चार प्रति सप्ताह कर दी जाएगी।

इंडिगो ने कहा कि यह कदम 'कनेक्टिंग फ्लाइट' छूटने और उड़ानों में होने वाली देरी से यात्रियों को बचाने के लिए उठाया गया है, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।