Breaking News

डोनाल्ड ट्रंप के 'गोल्डन डोम' प्रोजेक्ट का पहला लाइव-इंटरसेप्ट टेस्ट सफल     |   भारतीय दूतावास ने भारतीयों से ईरान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने को कहा     |   सेंसेक्स 187 अंक चढ़कर 76,388.31 पर पहुंचा, निफ्टी 57 अंक बढ़कर 23,878.85 पर     |   लखनऊ अग्निकांड: एलडीए की जांच में 18 अधिकारी और इंजीनियर दोषी पाए गए     |   भरत तिवारी एनकाउंटर: जगदीशपुर SDPO राजेश वर्मा को हटाया गया     |  

स्मृति और शेफाली ने शानदार मंच प्रदान किया: हरमनप्रीत कौर

लीड्स, 17 जून (भाषा) भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बुधवार को यहां महिला टी20 विश्व कप के दूसरे मैच में नीदरलैंड पर मिली जीत के बाद स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की तारीफों के पुल बांधें।

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ मंधाना (74 रन) की शानदार बल्लेबाजी, शेफाली (55 रन, 20 रन देकर तीन विकेट) के हरफनमौला प्रदर्शन और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन से भारत ने नीदरलैंड को 95 रन से शिकस्त दी। यह महिला टी20 विश्व कप में टीम की सबसे बड़ी जीत भी है। इस जीत से भारत ग्रुप ए में शीर्ष पर पहुंच गया।

हरमनप्रीत कौर ने मैच के बाद कहा, ‘‘हमने बल्लेबाजी में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। विकेट बल्लेबाजी के लिए इतना अच्छा नहीं था लेकिन जिस तरह से शेफाली और स्मृति ने बल्लेबाजी की और हमें मंच प्रदान किया वो काफी शानदार था। ’’

शेफाली के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा, ‘‘जब भी टीम को जरूरत होती है शेफाली हमेशा गेंदबाजी के लिए तैयार रहती है। वह हमें विकेट दिलाती रहती है, मुझे भरोसा है कि वह भविष्य में एक अच्छी ऑलराउंडर साबित होंगी। ’’

श्रेयंका पाटिल एक गेंद ही डाल सकीं थी कि टखना मुड़ने के कारण वह आगे गेंदबाजी नहीं कर सकीं। हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘श्रेयंका को लेकर मेरे पास अभी ताज़ा अपडेट नहीं है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने जैसा पहले दोनों मुकाबलों के बारे में सोचा था हमें उसके अनुकूल ही परिणाम मिले हैं और हम आगे इसे जारी रखना चाहेंगे। ’’

वहीं नीदरलैंड की कप्तान बाबेटे डि लीडे ने कहा, ‘‘भारत ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। हमने गेंदबाजी में अच्छी वापसी की और उन्हें 209 रन पर रोका। इस सपाट विकेट पर हमारे पास मौका था लेकिन हम भुना नहीं पाए। हम क्षेत्ररक्षण में और बेहतर कर सकते थे और गेंदबाजी में भी हमने काफी अतिरिक्त गेंदें डालीं, इन सब पर हमें काम करना होगा। भारत ने अच्छी गेंदबाजी की। यह हमारे लिए अच्छा सबक था। भारत के खिलाफ खेलना हमेशा खास होता है। ’’

भाषा

नमिता

नमिता