नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में पुरानी रंजिश के चलते बुधवार सुबह चार लोगों ने 42 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में पीड़ित के एक रिश्तेदार का हाथ हो सकता है।
मृतक की पहचान हृदयेश मिश्रा के रूप में हुई है, जो निर्माण संबंधी काम करता था।
पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह करीब पांच बजे एक मंदिर के पास हुई। उसने बताया कि मिश्रा अपने भाई अजय के साथ वहां एक मिनी ट्रक को हटाने बाइक से गए थे।
पुलिस के मुताबिक, जब अजय अपना ट्रक स्टार्ट कर रहा था, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावर वहां पहुंचे और मिश्रा पर गोलियां चला दीं। मिश्रा अपनी जान बचाने के लिए पास के एक गोदाम की ओर भागे। लेकिन मिश्रा को कई गोलियां लगीं और वह गोदाम के गेट के बाहर गिर पड़े। हमलावरों ने लगातार गोलियां चलाईं और फिर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित को कई गोलियां लगी थीं और उन्हें पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
शुरुआती जांच से पता चला है कि मिश्रा का अपने एक रिश्तेदार से लंबे समय से विवाद था। पुलिस को शक है कि हत्या के पीछे उसी का हाथ हो सकता है।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस घटनाओं के क्रम का पता लगाने और अपराध में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश