वडोदरा, 17 जून (भाषा) गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार तड़के एक निजी बस के राजमार्ग पर खड़े ट्रक से टकरा जाने से आठ लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मरने वालों में बस चालक भी शामिल है।
अधिकारियों ने वडोदरा-हालोल राजमार्ग पर हुए इस हादसे के बारे में बताया कि यह घटना तड़के करीब चार बजे वडोदरा शहर के बाहरी इलाके में कोटांबी गांव के पास हुई, जब राजस्थान से सूरत जा रही बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
वडोदरा के पुलिस अधीक्षक सुशील अग्रवाल ने पत्रकारों को बताया, “इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हुए हैं। इनमें से छह लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि दो घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में बस चालक भी शामिल है।”
उन्होंने बताया कि बस में सवार अधिकतर यात्री राजस्थान के थे।
पुलिस के अनुसार, ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और चालक टायर में हवा के दबाव की जांच कर रहा था, तभी तेज रफ्तार बस पीछे से उसमें जा टकराई।
उसने बताया कि टक्कर के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री उसमें फंस गए। पुलिस, दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ)की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
अग्रवाल ने बताया कि ट्रक चालक को पकड़ लिया गया है और उसे गिरफ्तार करने की प्रक्रिया जारी है।
भाषा प्रचेता माधव
माधव