Breaking News

मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट: गुजरात, कोंकण और गोवा के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट     |   राम मंदिर दान काउंटिंग में बड़ा बदलाव, कर्मचारियों के लिए 'नो-पॉकेट' ड्रेस कोड लागू     |   बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लखनऊ पहुंचे     |   खामेनेई की अंतिम विदाई के दौरान ईरानी लोगों ने "अमेरिका मुर्दाबाद" के नारे लगाए     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा एक्शन: आरोपी अविनाश शुक्ला की ब्रेजा कार जब्त     |  

मप्र के जबलपुर में गोली लगने से भाजपा नेत्री की मौत, पुलिस जांच में जुटी

जबलपुर (मध्यप्रदेश), सात जून (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर में शनिवार देर रात एक विवाद के दौरान अपनी ही लाइसेंसी बंदूक से कथित तौर पर गोली लग जाने से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थानीय नेता संगीता रजक की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक यह घटना रांझी थाना क्षेत्र के पुराने शोभापुर में शनिवार रात करीब एक बजे हुई।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने ‘पीटीआई वीडियो’ से बातचीत में कहा कि भाजपा की पूर्व पार्षद प्रत्याशी संगीता रजक की गोली लगने से एक निजी अस्पताल में मौत की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं।

उन्होंने परिजनों के हवाले से बताया कि शनिवार रात एक बजे उनके घर के बाहर कुछ विवाद हो रहा था और इस सिलसिले में उनके पति और देवर वहां गए हुए थे।

उन्होंने कहा कि संगीता रजक घर में रखी लाइसेंसी बंदूक उन्हें देने निकली थीं और इसी दौरान उसका ट्रिगर दबा गया और गोली उनके पेट में जा लगी।

गोल्हानी ने बताया कि कुछ स्थानीय असामाजिक तत्वों ने संगीता रजक के घर पर कुछ दिन पहले ही बमबारी की घटना को अंजाम दिया था और क्षेत्र में दहशत फैलाई थी, जिसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से परिवार ने लाइसेंसी बंदूक ली थी।

उन्होंने कहा कि बंदूक जब्त कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि रजक भाजपा की पूर्व पार्षद प्रत्याशी थीं और पार्टी से जुड़ी हुई थीं।

भाषा ब्रजेन्द्र वैभव

वैभव