Breaking News

मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट: गुजरात, कोंकण और गोवा के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट     |   राम मंदिर दान काउंटिंग में बड़ा बदलाव, कर्मचारियों के लिए 'नो-पॉकेट' ड्रेस कोड लागू     |   बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लखनऊ पहुंचे     |   खामेनेई की अंतिम विदाई के दौरान ईरानी लोगों ने "अमेरिका मुर्दाबाद" के नारे लगाए     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा एक्शन: आरोपी अविनाश शुक्ला की ब्रेजा कार जब्त     |  

मुंबई के संगीत कार्यक्रम में अत्यधिक शराब के सेवन से युवक की मौत, एक महिला अस्पताल में भर्ती

मुंबई, सात जून (भाषा) मुंबई में आयोजित एक संगीत कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर अत्यधिक शराब पीने से 35 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

ताडदेव पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, यह घटना वर्ली स्थित एनएससीआई डोम में आयोजित ‘क्लांगकुंस्टलर ऑल नाइट लॉन्ग’ संगीत कार्यक्रम के दौरान तड़के हुई।

अधिकारी ने बताया कि पुरुष और महिला दोनों कार्यक्रम में शामिल हुए थे और नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर कॉकटेल समेत अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किया।

इसके बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान ब्रीच कैंडी अस्पताल में युवक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि महिला का इलाज हो रहा है और उसकी हालत में सुधार हो रहा है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि शरीर में पानी की कमी व्यक्ति की मौत का एक कारण हो सकती है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारण का पता आगे की जांच के बाद ही चल सकेगा।

ताड़देव पुलिस ने इस संबंध में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर ली है और मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

गौरतलब है कि इसी वर्ष अप्रैल में मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित एक संगीत कार्यक्रम में शामिल हुए दो एमबीए छात्रों की कथित तौर पर मादक पदार्थ के अत्यधिक सेवन के कारण मौत हो गई थी। बाद में पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया था।

भाषा गोला वैभव

वैभव